कनाडा ने आर्कटिक में अधिकार क्षेत्र बढ़ाया
टोरंटो, 28 अगस्त (आईएएनएस)। कनाडा ने आर्कटिक महासागर में अपना अधिकार क्षेत्र सौ समुद्री मील से बढ़ाकर दो सौ समुद्री मील कर दिया है। इस क्षेत्र के समुद्री तल में मौजूद खनिज तेल एवं गैस के प्रचूर भंडार के लिए ऐसा किया गया है।
आर्कटिक महासागर के विशाल हिमखंड तेजी से पिघल रहे हैं। इसके गर्भ में मौजूद प्रचूर मात्रा में खनिज संसाधनों के दोहन के लिए पड़ोसी देशों में होड़ मची हुई है।
अब तक आर्कटिक महासागर के हिमखंड केवल गर्मियों में पिघलते थे। इसी मौसम में जहाजों के आवागमन के लिए तथाकथित पश्चिमोत्तर मार्ग (प्रशांत से अटलांटिक तक) खोला जाता रहा है।
लेकिन परिस्थितियां तेजी से बदल रही हैं। 'ग्लोबल वार्मिग' के कारण आर्कटिक के हिमखंड तेजी से पिघलने लगे हैं। यही कारण है कि पश्चिमोत्तर मार्ग अंतर्राष्ट्रीय समुद्री यात्रा के लिए अब वर्ष भर खुला रह सकता है।
ग्लोबल वार्मिग की वजह से आर्कटिक में पर्यावरण से संबंधित समस्याएं धीरे-धीरे भले ही गंभीर होती जा रही हैं, लेकिन हिमखंडों के पिघलने से इस क्षेत्र का आर्थिक, सामरिक और व्यापारिक महत्व बढ़ गया है। इसके गर्भ में तेल एवं गैस के भरपूर भंडार पड़े हैं। हिमखंडों के पिघलने की वजह से इनके दोहन की संभावना बढ़ी है।
यही वजह है कि अमेरिका, नॉर्वे और अन्य देश इस क्षेत्र के ज्यादा से ज्यादा हिस्से पर अधिकार जमाने की जुगत में हैं। इन्ही वजहों से कनाडा के प्रधानमंत्री स्टीफेन हार्पर ने आर्कटिक क्षेत्र का दौरा किया। इसके बाद बुधवार को उन्होंने आर्कटिक में कनाडा के अधिकार क्षेत्र में विस्तार की बात कही।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
