क्रिकेट में भी दिखाए जाएंगे लाल-पीले कार्ड
सिडनी, 28 अगस्त (आईएएनएस)। अनुशासनहीनता से निपटने के लिए फुटबाल की तरह अब क्रिकेट मैदान में भी लाल और पीले रंग के कार्ड दिखाने का चलन शुरू होने जा रहा है। इस वर्ष आस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट क्रिकेट टूर्नामेंट में खेलने वाली टीमों पर यह फार्मूला सबसे पहले आजमाया जाएगा।
आस्ट्रेलिया के समाचार पत्र 'सिडनी मार्निग हेराल्ड' के मुताबिक क्वींसलैंड के अंपायरिंग कोच डेविड ओरहार्ड द्वारा तैयार किए गए फार्मूले के अनुसार नस्लीय टिप्पणी करने पर खिलाड़ियों को लाल कार्ड दिखाया जाएगा, जबकि किसी भी तरह की हिंसा में शामिल खिलाड़ियों को पीला कार्ड दिखाया जाएगा।
आस्ट्रेलिया में पहली और द्वितीय श्रेणी की 26 टीमों पर यह फार्मूला उपयोग में लाया जाएगा। गोल्ड कोस्ट के जिला समन्वयक जान फिट्जगेराल्ड ने बताया, "हम मैदान में व्यवहार संबंधी विवादों को खत्म करने के लिए ऐसा नियम लेकर आए हैं। हालांकि कुछ हद तक बातचीत मंजूर है, लेकिन स्लेजिंग जब अपने चरम पर होती है, तो उसे स्वीकार कर पाना संभव नहीं होता है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
