उड़ीसा में तनाव व्याप्त, गिरिजाघरों को जलाया गया
भुवनेश्वर, 28 अगस्त (आईएएनएस)। उड़ीसा में कई इलाकों में गुरुवार को भी स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। उग्र भीड़ ने कई घरों और गिरिजाघरों को आग के हवाले कर दिया।
पिछले हफ्ते विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के एक नेता समेत पांच लोगों की हत्या के बाद से ही राज्य के कुछ हिस्सों में हिंसा भड़क उठी है, जिसमें कम से कम 11 लोगों की मौत हो चुकी है।
राज्य में सांप्रदायिक िंहंसा की आग कंधमाल से अब अन्य जिलों तक पहुंच गई है। हिंसाग्रस्त इलाकों की स्थिति इतनी गंभीर है कि बुधवार को राज्य सरकार ने गृह राज्य मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल और कांग्रेस के अन्य नेताओं को दंगा प्रभावित इलाकों का दौरा करने से मना कर दिया।
पुलिस के अनुसार कंधमाल के साथ-साथ अब बोलानगीर और केंद्रपाड़ा जिले में भी स्थिति तनावपूर्ण है। अधिकारियों के अनुसार केंद्रपाड़ा में कर्फ्यू लगा दिया गया है और बोलानगीर में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है।
राज्य के पुलिस महानिदेशक गोपालचंद्र नंदा ने कहा, "कंधमाल से छिटपुट हिंसा की खबरें आईं हैं। वहीं बोलानगीर में भीड़ द्वारा एक गिरिजाघर को आग लगाने की सूचना मिली है। "
गौरतलब है कि शनिवार को कंधमाल जिले के एक आश्रम में जन्माष्टमी उत्सव के दौरान विहिप की केंद्रीय सलहाकार समिति के वरिष्ठ सदस्य स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती सहित पांच लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications
