रक्षा खरीद प्रक्रिया में व्यावहारिक बदलाव जरूरी : राजू
नई दिल्ली, 28 अगस्त (आईएएनएस)। आधुनिकीकरण और स्वदेशीकरण पर भारतीय वायुसेना और उद्योग की रणनीतिक भागीदारी-इंडएयर-08 सेमिनार बुधवार को यहां सम्पन्न हो गया। इस अवसर पर रक्षा मंत्री एम. एस. पलामू राजू ने समापन भाषण दिया।
उन्होंने कहा कि रक्षा खरीद प्रक्रिया में व्यावहारिक अनुभवों के आधार पर बदलाव किए जाने चाहिए। रक्षा खरीद प्रक्रिया 1991 से अस्तित्व में है। प्रारंभ में खरीद से शुरू हुई यह प्रक्रिया बाद में खरीद एवं निर्माण पर केंद्रित हो गई। आज हम निर्माण श्रेणी पर ध्यान केंद्रित करते हैं।
मंत्री ने कहा कि भारत में औद्योगिक आधार बहुत मजबूत है। हमारी ताकत तकनीकी रूप से सक्षम विशाल श्रमशक्ति है। भारतीय वायुसेना और भारतीय उद्योग परिसंघ ने संयुक्त रूप से यह सेमिनार आयोजित किया था।
इस सेमिनार में भारतीय वायु सेना प्रमुख ने कहा कि वैश्विक मामलों में भारत की भूमिका बढ़ रही है तथा इसके मद्देनजर भारतीय वायुसेना रोमांचक बदलाव की प्रक्रिया से गुजर रही है। उच्च स्तर पर प्रौद्योगिकीय क्षमता तथा बुनियादी स्वदेशी जरूरत को पूरा करने की क्षमता के बिना कोई भी राष्ट्र महाशक्ति नहीं बन सकता।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
