जम्मू में आतंकवादियों ने 3 बंधकों की हत्या की, 7 मुक्त कराए गए (लीड-1)
जम्मू, 28 अगस्त (आईएएनएस)। जम्मू के चिन्नौर इलाके में सुरक्षाकर्मियों के साथ करीब 17 घंटे की मुठभेड़ के बाद एक मकान में छुपे तीनों आतंकवादी मारे गए और सेना ने सात बंधकों को मुक्त कराने में सफलता हासिल की, हालांकि तीन अन्य बंधकों की आतंकवादियों ने हत्या कर दी। यह जानकारी पुलिस ने गुरुवार को दी।
बुधवार तड़के तीन आतंकवादी चिन्नौर के बिल्लू राम के मकान में घुस आए थे और उन्होंने परिवार के सभी सदस्यों को बंधक बना लिया था।
आतंकवादियों ने मकान में मौजूद बिल्लू राम के एक पड़ोसी, उनके बेटे और एक शिक्षक की हत्या कर दी।
एक पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया आतंकवादियों के चंगुल से पहले बिल्लू राम की पत्नी सरिता और उसके बाद उनके चारों बच्चों को छुड़ाया गया। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई में सरिता घायल हो गईं।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि बाद में बिल्लू राम, उनके भाई तारसेम और उनकी पत्नी रितू को आतंकवादियों के चंगुल से छुड़ाया गया।
इससे पूर्व सेना अधिकारियों ने गुरुवार तड़के जानकारी दी थी कि मकान से कम से कम तीन शव बरामद किए गए हैं।
इससे पहले बुधवार को आतंकवादियों के साथ जारी इस मुठभेड़ में सेना का एक अधिकारी शहीद हो गया था जबकि आतंकवादियों ने तीन नागरिकों की हत्या कर दी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications
