उड़ीसा हिंसा पर मनमोहन ने नवीन पटनायक से बात की
नई दिल्ली, 28 अगस्त (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने उड़ीसा में फैली सांप्रदायिक हिंसा के सिलसिले में राज्य के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से गुरुवार को फोन पर बातचीत की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने पटनायक से प्रभावित इलाकों में शांति बहाली की दिशा में जल्द से जल्द आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।
प्रधानमंत्री ने पटनायक को यह सलाह भी दी कि प्रभावित लोगों को तत्काल राहत प्रदान करने की दिशा में वे आवश्यक कदम उठाए।
इससे पहले, कैथोलिक बिशप्स कांफ्रेंस आफ इंडिया के एक प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली के आर्चविशप के साथ प्रधानमंत्री से मुलाकात कर उड़ीसा की घटनाओं पर चिंता जताई। प्रधानमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि वे ताजा घटनाक्रम के मद्देनजर राज्य सरकार से लगातार संपर्क बनाए हुए हैं। उन्होंने प्रतिनधिमंडल के सदस्यों को आश्वस्त किया कि राज्य में शांति बहाली की दिशा में सभी प्रयास किए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) की केंद्रीय समिति के सदस्य स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती की उनके चार शिष्यों के साथ हुई हत्या के बाद उड़ीसा में फैली हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही। सूबे के कई इलाकों में गुरुवार को भी स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। उग्र भीड़ ने ईसाई समुदाय के कई घरों और गिरिजाघरों को आग के हवाले कर दिया। राज्य में हिंसा की अलग-अलग घटनाओं में अब तक कम से कम 11 लोगों की मौत हो चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications
