जरदारी ने मेरे साथ विश्वासघात किया है : नवाज

नई दिल्ली, 28 अगस्त (आईएएनएस)। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने कहा है कि पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के नेता आसिफ अली जरदारी ने उन्हें बहुत बुरी तरह नीचा दिखाया है। उन्होंने यह भी कहा कि वे बर्खास्त न्यायाधीशों की बहाली के मुद्दे पर कोई समझौता नहीं करेंगे।

शरीफ ने अंग्रेजी साप्ताहिक तहलका को दिए एक साक्षात्कार में कहा, "न्यायपालिका के मुद्दे पर झुकने की कोई संभावना नहीं है। राष्ट्रपति के महाभियोग के मुद्दे पर झुकने की कोई संभावना नहीं थी और ऐसे किसी मुद्दे पर झुकने का सवाल ही नहीं उठता जिस पर हमने साथ-साथ दस्तखत किए थे।"

उन्होंने कहा कि जब आपने लोकतंत्र को मजबूत बनाने का लक्ष्य तय किया हो तो ऐसे में आप लचीला रुख कैसे अपना सकते हैं?

उल्लेखनीय है कि शरीफ ने जरदारी के मुख्य न्यायाधीश इफ्तिखार चौधरी समेत 60 बर्खास्त न्यायाधीशों की बहाली में असफल रहने पर अपनी पार्टी पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) को सत्तारूढ़ गठबंधन से अलग कर लिया था।

शरीफ के अनुसार उनके और जरदारी के बीच इस बात पर समझौता हुआ था कि मुशर्रफ के इस्तीफा देने के 24 घंटे के भीतर न्यायाधीशों को बहाल कर दिया जाएगा लेकिन एक सप्ताह बीत जाने पर भी ऐसा नहीं हुआ।

जरदारी ने अपना वादा पूरा ना कर पाने पर शरीफ से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी थी और कहा था कि कुछ न्यायाधीशों को तो बहाल किया जा सकता है लेकिन चौधरी के बारे में बाद में निर्णय लिया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि जरदारी के राष्ट्रपति बनने पर देश में एक बार फिर राष्ट्रपति की सत्ता स्थापित हो जाएगी क्योंकि वर्तमान प्रावधानों के अनुसार सर्वाधिक शक्तियां राष्ट्रपति में ही निहित हैं।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+