सोनिया और मायावती 100 सर्वाधिक शक्तिशाली महिलाओं की सूची में
न्यूयार्क, 28 अगस्त (आईएएनएस)। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उत्तरप्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती को फोर्ब्स पत्रिका ने दुनिया की 100 सबसे शक्तिशाली महिलाओं की ताजा सूची में स्थान दिया है।
सूची में पेप्सिको की मुख्य कार्यकारी अधिकारी इंद्रा नूई और जैव प्रौद्योगिकी आधारित दवा क्षेत्र की कंपनी बॉयोकान की संस्थापक किरन मजुमदार शॉ शामिल हैं।
इस सूची में नूई को तीसरा जबकि गांधी को 21 वां स्थान दिया गया है। मायावती 59 वें और मजूमदार 99 वें स्थान पर हैं।
पत्रिका ने लिखा है, "इटली में जन्मीं सोनिया भारत की सबसे शक्तिशाली राजनीतिक पार्टी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की अध्यक्ष हैं।" पत्रिका के मुताबिक हालांकि सोनिया सत्तारुढ़ दल की अध्यक्ष हैं लेकिन एक उभरती हुई नेता मायावती लगातार सोनिया को चुनौती दे रही हैं।
मायावती को प्रधानमंत्री पद का दावेदार बताते हुए पत्रिका ने लिखा है कि वे मात्र 39 वर्ष की अवस्था में देश के एक बड़े प्रदेश की मुखिया बन गईं थीं। उन्होंने 2007 में ब्राह्मणों के साथ गठजोड़ करके अपनी पार्टी बहुजन समाज पार्टी (बसपा) का राष्ट्रीय विस्तार करने में सफलता पाई।
पत्रिका के अनुसार, "मायावती ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ मिलकर भारत-अमेरिका असैन्य परमाणु समझौते का विरोध किया।"
पत्रिका के ताजा अंक में जारी सूची में जर्मनी की चांसलर एंजेला मेर्केल को पहला और अमेरिका के फेडरल डेपोजिट इंस्योरेंस कॉर्प की अध्यक्ष शिएला सी. बायर को दूसरा स्थान दिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
