पटना में ट्रक ने ली 4 की जान
पटना, 28 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना के सचिवालय थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात फुटपाथ पर सो रहे छह रिक्शा चालकों को एक ट्रक ने कुचल दिया। दुर्घटना में चार की मौके पर ही मौत हो गई और अन्य दो घायल हो गए।
पटना के नगर पुलिस अधीक्षक अनवर हुसैन ने बताया कि बुधवार देर रात वीरचंद पटेल पथ की ओर से आ रहा ट्रक आर. ब्लॉक गोल चक्कर के पास अपना संतुलन खो बैठा और फुटपाथ पर सो रहे छह लोगों को कुचल दिया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा, "ट्रक के फुटपाथ पर चढ़ जाने से चार लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि अन्य दो घायल हो गए हैं। घायलों को पटना चिकित्सा महाविद्यालय व अस्पताल (पीएमसीएच) में भर्ती कराया गया है।" जानकारी के अनुसार मृतकों में तीन की पहचान शंकर पासवान, बशीर और महेन्द्र के रूप में की गई है। वे सभी रिक्शा चालक बताए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि ट्रक चालक और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर सचिवालय थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मृतकों के परिवार को जिला प्रशासन की तरफ से 10-10 हजार रुपये की तत्काल सहायता राशि दी गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
