पाकिस्तान में पुलिस की बस पर हमला, 7 मरे,10 से ज्यादा घायल (लीड-1)
इस्लामाबाद, 28 अगस्त (आईएएनएस)। पाकिस्तान के पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत में गुरुवार को एक बस में बम विस्फोट में कम से कम छह पुलिसकर्मियों समेत सात लोग मारे गए और 10 से ज्यादा घायल हो गए।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी वकास हसन ने इस संबंध में बताया, "कैदियों को ले जाने वाली एक बस जब कुर्रम नदी पर एक पुल पार कर रही थी, तभी संदिग्ध इस्लामिक आतंकवादियों ने उसमें रिमोट कंट्रोल से विस्फोट कर दिया। हमले में छह पुलिसकर्मियों और एक राहगीर की मौत हो गई।"
पहले आई कुछ रिपोर्टों में कहा गया था कि हमले में 13 लोगों की मौत हुई है, लेकिन हसन ने इसे खारिज करते हुए कहा कि हमले में मात्र सात लोगों की मौत हुई, जबकि 10 से अधिक लोग घायल हुए हैं। हसन ने बताया कि विस्फोट इतना जबरदस्त था कि बस पुल से उछल कर नदी के सूखे तल में जा गिरी।
समाचार एजेंसी डीपीए ने एक सुरक्षा अधिकारी के हवाले से बताया कि इलाके में आतंकवादियों के खिलाफ सरकार द्वारा कठोर कार्रवाई की जा रही है, उसी के चलते ही वे ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications
