10 वर्ष बाद संसद में लौटे इब्राहिम, बदावी की मुश्किलें बढ़ीं
कुआलालंपुर, 28 अगस्त (आईएएनएस)। मलेशिया के विवादास्पद विपक्षी नेता एवं पूर्व उप प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम दस वर्षो के बाद गुरुवार को संसद में लौट आए। इसके साथ ही देश की अब्दुल्लाह अहमद बदावी के नेतृत्व वाली सरकार के भविष्य के बारे में अटकलों का दौर शुरू हो गया है।
इब्राहिम ने गत मंगलवार को एक उपचुनाव में जीत हासिल की थी और उन्होंने गुरुवार को शपथ ग्रहण की। इसके बाद से मीडिया और राजनीतिक हलकों में बहस शुरू हो गई है कि वे अपने खिलाफ लगे समलैंगिकता के आरोपों का सामना कैसे करते हैं और क्या वे मध्य सितंबर तक मौजूदा सरकार को उखाड़ फेंकने की अपनी बात निभा पाएंगे।
उधर, प्रधानमंत्री बदावी का मानना है कि इब्राहिम की जीत कोई चिंतित होने वाली बात नहीं है। उनके मुताबिक यह जीत देश के मौजूदा राजनीतिक रुझान का प्रतिनिधित्व नहीं करती।
देश के पूर्व प्रधानमंत्री महातिर मोहम्मद जिन्होंने दस वर्ष पूर्व इब्राहिम को भ्रष्टाचार और समलैंगिक संबंधों के आरोप में उप प्रधानमंत्री पद से बर्खास्त किया था, ने कहा है कि इब्राहिम बदावी के लिए मुसीबतें खड़ी कर सकते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications
