पहला मैच गंवाने के बावजूद भारत ने सातवीं बार
जयंत कुमार
जयंत कुमार
नई दिल्ली, 28 अगस्त (आईएएनएस)। भारत की एकदिवसीय क्रिकेट टीम ने बुधवार को कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए चौथे एकदिवसीय मैच में श्रीलंका को 46 रन से हराकर पांच मैचों की श्रंखला में 3-1 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। यह सातवां मौका है, जब भारत ने पहला मैच गंवाने के बाद श्रंखला अपने नाम की है। 18 अगस्त को रांगिरी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए पहले मैच में भारत को श्रीलंका के हाथों आठ विकेट से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी थी।
सबसे पहले 1986-87 सत्र में भारत में खेली गई पांच मैचों की श्रंखला में भारतीय टीम ने पहला मैच गंवाने के बाद श्रीलंका पर 4-1 से जीत दर्ज की थी। श्रंखला का पहला मैच कानपुर में खेला गया था, जिसमें भारत को 117 रनों से हार मिली थी, लेकिन इसके बाद भारत ने आगे के चार मैचों में लगतार जीत दर्ज की थी।
श्रंखला का दूसरा मैच गुवाहाटी में खेले गया था, जिसे भारत ने 8 विकेट से जीता था। तीसरा मैच दिल्ली में खेला गया था, जिसमें भारत को 6 विकेट से जीत मिली थी। वड़ोदरा में खेले गए चौथे मैच में भारतीय टीम 94 रन जीती थी, जबकि मुंबई में खेले गए पांचवें मैच में भारतीय टीम ने श्रीलंका को 10 रनों से पराजित किया था।
1994-95 सत्र में भारत ने अपने घर में खेली गई पांच मैचों की श्रंखला में वेस्ट इंडीज को कुछ इसी अंदाज में हराया था। पहला मैच गंवाने के बाद भारतीय टीम ने लगातार चार मैच जीतते हुए 4-1 से जीत दर्ज की थी।
इसके अलावा भारत ने 1995-96 तथा 1999-2000 सत्र में न्यूजीलैंड को दो बार 3-2 के अंतर से पराजित किया था। दोनों ही मौकों पर भारतीय टीम ने पहला मैच हारने के बाद शानदार वापसी करते हुए श्रंखला अपने नाम की थी। पहला मैच जीतने के बाद न्यूजीलैंड ने पांचवें मैच में जीत दर्ज की थी।
2001-02 सत्र में भारत ने अपने घर में जिंबाब्वे को भी पराजित किया था। इस श्रंखला के पहले मैच में हारने के बाद भारत ने 3-2 से जीत हासिल की थी। जिंबाब्वे ने पहला और तीसरा मैच जीता था, जबकि भारत ने तीसरा, चौथा और पांचवां मैच जीतकर श्रंखला कब्जाई थी।
2005-06 सत्र में भारत ने पाकिस्तान को उसी के घर में 4-1 से हराया था। यह श्रंखला भारत के लिहाज से काफी अहम रही थी क्योंकि पेशावर में खेला गया पहला मैच सात विकेट से गंवाने के बाद भारतीय टीम ने शानदार वापसी करते हुए श्रंखला अपने नाम की थी। भारतीय टीम ने दूसरे मैच में सात विकेट, तीसरे और चौथे मैच में पांच-पांच विकेट तथा पांचवें मैच में आठ विकेट से जीत हासिल की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications
