नाटो ने यूक्रेन को सदस्यता का आश्वासन दोहराया
ब्रसेल्स, 28 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) ने यूक्रेन को सदस्यता का आश्वासन दोहराया है।
इससे पहले नाटो और यूक्रेन ने जार्जिया के अलगाववादी प्रांत दक्षिणी ओस्सेतिया और अब्खाजिया को मान्यता देने के रूस के निर्णय की आलोचना की।
ब्रसेल्स में बुधवार को नाटो और यूक्रेन के राजदूतों के बीच हुई एक बैठक में दोनों पक्षों ने जार्जिया की वर्तमान परिस्थितियों और काकेसस तथा यूरो-अटलांटिक क्षेत्र पर इसके प्रभावों के बारे में गहरी चिंता व्यक्त की।
नाटो ने एक वक्तव्य में कहा, "हमारे सदस्य जार्जिया और यूक्रेन जैसे अपने सहयोगी राष्ट्रों की प्रादेशिक अखंडता, स्वाधीनता और संप्रभुता का सम्मान करते हैं। नाटो और यूक्रेन संयुक्त रूप से जार्जिया के दक्षिणी ओस्सेतिया और अब्खाजिया प्रांतों को मान्यता देने के रूस के निर्णय की निंदा करते हैं।"
बैठक में यूक्रेन के उप विदेश मंत्री और जार्जिया में उसके विशेष दूत कॉंस्टंटाइन येलिसेयेव ने भी हिस्सा लिया। उन्होंने जार्जिया के मौजूदा विवाद को हल करने में यूक्रेन के सहयोग की इच्छा भी जताई।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार नाटो के राजदूतों ने इसके लिए उनका धन्यवाद करते हुए कहा कि आने वाले समय में वे जार्जिया और यूक्रेन को नाटो की सदस्यता देने के इच्छुक हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
