राजनीतिक संकट के समाधान के लिए कोडा नई दिल्ली में
रांची, 22 अगस्त (आईएएनएस)। झारखंड में जारी राजनीतिक संकट के बीच शुक्रवार को मुख्यमंत्री मधु कोडा संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) के नेताओं से मुलाकात करने के लिए नई दिल्ली रवाना हो गए।
रांची से नई दिल्ली रवाना होने से पहले कोडा ने संवाददाताओं से कहा, "मुझे आशा है कि संप्रग के नेता मेरे दृष्टिकोण को समझ पाएंगे। मैंने राज्य के विकास के लिए काम किया है।"
कोडा के साथ उप मुख्यमंत्री स्टीफन मरांडी भी नई दिल्ली रवाना हुए। मरांडी ने कहा, "राज्य में नेतृत्व में बदलाव करने की कोई आवश्यकता नहीं है।"
इससे पूर्व नई दिल्ली में गुरुवार को संप्रग नेताओं की कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास पर बैठक हुई थी। बैठक में हिस्सा लेने वालों में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रमुख शिबू सोरेन भी शामिल थे।
सूत्रों के अनुसार संप्रग नेतृत्व कोडा को समझाने की कोशिश करेगा कि राज्य में राजनीतिक संकट के समाधान के लिए वे मुख्यंमत्री पद छोड़ दें। हालांकि, कोडा 25 अगस्त को विधानसभा में विश्वासमत का सामना करने के लिए तैयार हैं।
गौरतलब है कि झामुमो द्वारा समर्थन वापसी के बाद कोडा सरकार अल्पमत में आ गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications
