बीजिंग ओलंपिक : विजेंदर के मुकाबले के दौरान थम गया था भिवानी
भिवानी (हरियाणा), 22 अगस्त (आईएएनएस)। बीजिंग में जब स्थानीय मुक्केबाज विजेंदर कुमार का मुकाबला चल रहा था, तब हरियाणा का छोटा सा शहर भिवानी मानो थम सा गया था।
शुक्रवार को विजेंदर और क्यूबा के एमिलियो कोरिया बेयोक्स जूनियर के बीच मुकाबला तो बीजिंग में हो रहा था, लेकिन वहां से हजारों किलोमीटर दूर भिवानी में हर शख्स अपने-अपने टीवी सेट से चिपका हुआ था।
विजेंदर के घर के बाहर तो मानो लोगों का रेला लगा हुआ था। शहर के बाहरी छोर पर स्थित उनके गांव कालूवास में इस ऐतिहासिक मुकाबले को देखने के लिए विशाल प्रजेक्शन स्क्रीन लगाई गई थी।
इस मैच को देखने के लिए स्कूल और कॉलेजों के छात्र शुक्रवार को घर पर ही रहे। सुबह से ही रोमांच का माहौल बना हुआ था, लेकिन विजेंदर की हार के साथ पूरे शहर और खासकर कालूवास में सन्नाटा परस गया।
हार हमेशा अपने साथ निराशा के भाव लाती है, लेकिन विजेंदर के साथी मुक्केबाजों का मानना है कि इस हार पर निराश होने की कतई जरूरत नहीं, क्योंकि विजेंदर कड़े मुकाबले के बाद हारे हैं।
विजेंदर के साथियों ने कहा कि उनका दोस्त हार गया तो क्या हुआ, उसने देश के लिए कांस्य पदक तो जीत ही लिया। यह अपने आप में एक महान घटना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications
