कश्मीरी अलगाववादियों को सीमा पार से समर्थन : शर्मा
नई दिल्ली, 22 अगस्त (आईएएनएस)। भारत ने आरोप लगाया है कि 'सीमा पार के कुछ तत्व' कश्मीर घाटी के अलगाववादियों को राहत और सहायता उपलब्ध करा रहे हैं। उधर, श्रीअमरनाथ श्राइन बोर्ड को वनभूमि आवंटन मुद्दे पर श्रीनगर में शुक्रवार को हजारों प्रदर्शनकारियों ने रैलियां आयोजित कीं।
विदेश राज्यमंत्री आनंद शर्मा ने एक टेलीविजन समाचार चैनल सीएनएन-आईबीएन को बताया, " कुछ ऐसे तत्व हैं जिन्हें सीमा पार से सहायता पहुंचाई जा रही है। यह चिंता का विषय है।"
उन्होंने यह बात उस समय कही जब उनसे पूछा गया कि क्या हुर्रियत कांफ्रेंस के एक धड़े को पाकिस्तान का समर्थन मिल रहा है।
यह पूछे जाने पर कि क्या सरकार हुर्रियत से बातचीत करने का प्रयास करेगी, शर्मा ने कहा, "हम लोकतांत्रिक समाज में रहते हैं और जिन लोगों का दावा है कि वे जनता का प्रतिनिधित्व करते हैं उन्हें चुनाव के माध्यम से मुख्य धारा में आना चाहिए। बिना चुनाव लड़े कोई जनता का प्रतिनिधि नहीं हो सकता। "
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications
