इजरायली प्रधानमंत्री से भ्रष्टाचार मामले में फिर पूछताछ
जेरुसलम, 22 अगस्त (आईएएनएस)। इजरायली पुलिस ने प्रधानमंत्री एहुद ओलमर्ट से भ्रष्टाचार के मामले में शुक्रवार को छठी बार पूछताछ की।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि ओलमर्ट से किस परिप्रेक्ष्य में पूछताछ की गई, लेकिन इजरायली मीडिया ने कहा कि संभव है कि उनसे उनकी विदेश यात्राओं के दौरान दोगुना और तीन गुना बिलों के भुगतान और अपने परिवार की यात्राओं के लिए अतिरिक्त राशि की अदायगी के बारे में पूछताछ की गई होगी।
ओलमर्ट पर एक और आरोप है कि व्यापार और उद्योग मंत्री पद पर रहते हुए उन्होंने अपने पूर्व कानूनी सहयोगी की स्वामित्व वाली कंपनी को लाभ पहुंचाया था। संभावना व्यक्त की जा रही है कि शुक्रवार को उनसे इस बारे में भी पूछताछ की गई हो।
इस बीच ओलमर्ट ने सभी आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने तलंस्किी से चंदा लेने की बात स्वीकार की और कहा कि यह पूरी तरह कानूनी था और खाद्य और सहयता के लिए लिया गया चंदा था।
उल्लेखनीय है कि ओलमर्ट पर लगे आरोपों में यह भी शामिल है कि प्रधानमंत्री बनने से पहले उन्होंने अमेरिकी-यहूदी कोष प्रबंधक मॉरिस तलंस्किी से लिफाफों में हजारों और लाखों डॉलर लिए थे। इस प्रकरण को 'मनी एनवेलप्स' के नाम से भी जाना जाता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
