उप्र में बुखार के मरीजों की खून जांच के आदेश
कानपुर देहात, 22 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तरप्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया है कि प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों में बुखार से पीड़ित मरीजों के खून की जांच कराई जाए।
कानपुर देहात जिले में मलेरिया और वायरल बुखार के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए सरकार ने यह निर्देश जारी किया है। उल्लेखनीय है कि कानपुर देहात में मलेरिया और वायरल बुखार के प्रकोप से पिछले 20 दिनों में 25 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।
कानपुर देहात के मलेरिया अधिकारी अजब सिंह ने आईएएनएस को बताया कि स्थिति का जायजा लेने के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य विभाग का एक दल जिले में पहुंच चुका है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश और केंद्र सरकार संयुक्त रूप से जिले में मलेरिया और वायरल बुखार की रोकथाम के लिए एक रिपोर्ट तैयार कर रही है।
अजब सिंह ने बताया कि रिपोर्ट तैयार कर जल्द ही नए सिरे से मलेरिया रोधी विशेष अभियान चलाया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
