उड़ीसा विधानसभा के उपाध्यक्ष पर पुत्रवधू को सताने का आरोप
भुवनेश्वर, 22 अगस्त (आईएएनएस)। उड़ीसा विधानसभा के उपाध्यक्ष प्रह्लाद डोरा और उनके पुत्र चिन्मय कुमार डोरा के खिलाफ चिन्मय की पत्नी को सताने के आरोप में शिकायत दर्ज कराई गई है।
चिन्मय पर दो शादियां रचाने का भी आरोप है। यह जानकारी पुलिस ने शुक्रवार को दी।
कोरापुट जिले के जेपोर कस्बे की रहने वाली स्मिता माझी का नौ जुलाई को चिन्मय से विवाह हुआ था।
जेपोर पुलिस स्टेशन में दी अपनी लिखित शिकायत में 26 वर्षीया स्मिता ने आरोप लगाया है कि शादी के तत्काल बाद उन्हें पता चला कि उनके पति पहले से ही शादीशुदा हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार चौहान ने आईएएनएस को बताया कि स्मिता ने यह भी आरोप लगाया है कि जब उन्होंने चिन्मय के पहले से विवाहित होने शिकायत अपने ससुराल वालों से की, तो उन्होंने उन्हें प्रताड़ित किया और दहेज मांगना शुरू कर दिया।
चिन्मय, उसके माता-पिता और बहन के खिलाफ शिकायत दर्ज कर दी गई है।
उपाध्यक्ष ने इन आरोपों का खंडन करते हुए इसे अपने और अपने परिवार के सदस्यों के खिलाफ साजिश करार दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications
