बाल यौन शोषण के दोषी रॉकस्टार की ब्रिटेन रवानागी के प्रयास
लंदन, 22 अगस्त (आईएएनएस)। बाल यौन शोषण के आरोप में सजा भुगत चुके ब्रितानी रॉकस्टार गैरी ग्लिटर को वापस ब्रिटेन भेजने के प्रयास किए जा रहे हैं।
ब्रिटेन के विदेश मंत्रालय की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक गैरी इसी सप्ताह वियतनाम की एक जेल से रिहा हुए थे, जहां उन्होंने दो छोटी बच्चियों के साथ छेड़छाड करने के आरोप में दो वर्ष नौ महीने की सजा भुगती थी।
जेल से छूटने के बाद उन्होंने ब्रिटेन लौटने के प्रति अनिच्छा जाहिर की, लेकिन थाइलैंड और हांगकांग ने उनके अपने यहां दाखिल होने पर रोक लगा दी।
मंगलवार को वियतनाम छोड़ने और लंदन का विमान पकड़ने से इंकार करने के बाद से यह पूर्व रॉकस्टार गैरी हवाई अड्डे के ट्रांजिट लाउंज में है।
गैरी का असली नाम पाल गैड्ड है और उसे नवंबर 2005 में वियतनाम के हो ची मिन्ह सिटी हवाई अड्डे पर उस समय गिरफ्तार कर लिया गया था जब वह 11 और 12 साल की दो वियतनामी लड़कियों का यौन शोषण करने का आरोप लगने के बाद बैंकाक भागने की फिराक में था।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार सन 1997 में पहली बार उस पर बाल यौन शोषण के आरोप लगे थे। बाद में वह दक्षिण पूर्वी एशिया में रहने लगा जहां उसे बाल यौन शोषण के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया।
बीते समय के इस रॉक स्टार ने 'आई एम द लीडर आफ द गैंग', 'डू यू वान्ना टच मी', 'हेल्लो! हेल्लो आई एम बैक अगेन!', 'आई लव यू लव मी लव' जैसे हिट गाने दिए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
