रूस ने नाटो के साथ सैन्य सहयोग रोका
मास्को/ब्रसेल्स, 22 अगस्त (आईएएनएस)। रूस ने जार्जिया के साथ सैनिक संघर्ष के मुद्दे पर पश्चिमी देशों के साथ मतभेदों के बाद उत्तर-अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के साथ सभी सैनिक सहयोग रोकने का निर्णय लिया है।
नाटो के उप प्रवक्ता कार्मेन रोमेरो ने ब्रसेल्स में 'डीपीए' समाचार एजेंसी को बताया के उन्हें सैनिक माध्यमों से औपचारिक अधिसूचना मिली है कि रूस ने अगली सूचना तक अंतर्राष्ट्रीय सैन्य सहयोग रोकने का निर्णय लिया है।
इसके पहले गुरुवार को रूसी विदेशमंत्री सर्गेइ लावरोव ने जार्जिर्या में रूसी सैनिक कार्रवाई की पश्चिमी देशों द्वारा आलोचना करने के कारण रूस द्वारा नाराज होकर नाटो के साथ सहयोग बंद करने की किसी योजना से इनकार किया था।
लेकिन उन्होंने जार्जिया में रूसी कार्रवाई को जायज ठहराते हुए कहा कि अब गेंद नाटो के पाले में है कि वे रूस के साथ कैसा संबंध रखना चाहता है।
लावरोव ने कहा यह अब नाटो के ऊपर निर्भर है कि उसकी प्राथमिकताएं क्या हैं? यदि वे जार्जिया के राष्ट्रपति मिखाइल साकश्विली को समर्थन देने की नीति जारी रखेंगे, तो नाटो रूस पर संबंध तोड़ने का आरोप नहीं लगा सकता।
लावरोव ने कहा कि रूस और नाटो के संबंध इस समय दोराहे पर खड़े हैं।
इंटरफैक्स समाचार एजेंसी के अनुसार लावरोव ने कहा कि नाटो को अफगानिस्तान में सैनिक अभियान के लिए रूस के सहयोग की आवश्यकता है।
रूस के इस कदम से नाटों के करीब 10 संयुक्त अभियान प्रभावित होंगे। इनमें अफगानिस्तान में विस्फोटकों का पता लगाना और नाटो सेनाओं को रूसी क्षेत्र से मुक्त आवाजाही की सुविधा शामिल है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications
