बीजिंग ओलंपिक : बेयोक्स से हारे विजेंदर, कांस्य से करना पड़ा संतोष
बीजिंग, 22 अगस्त (आईएएनएस)। भारत के मुक्केबाज विजेंदर कुमार शुक्रवार को खेले गए मिडिलवेट वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले में क्यूबा के मुक्केबाज एमिलो कोरिया बेयोक्स जूनियर से हार गए।
बेयोक्स ने विजेंदर को रोमांचक भिड़ंत के बाद 8-5 से पराजित किया। ओलंपिक सेमीफाइनल में पहुंचने वाले भारत के पहले मुक्केबाज विजेंदर को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
विजेंदर ने काफी रक्षात्मक होकर मुकाबले की शुरुआत की और पहले राउंड में दो अंक दे दिए। दूसरे दौर में भी बेयोक्स ने दो अंक बटोरे, लेकिन विजेंदर ने भी अपने मुक्कों का जलवा बिखरते हुए स्कोर 3-4 कर लिया।
तीसरा राउंड बेयोक्स के लिए महत्वपूर्ण साबित हुआ और विजेंदर इस राउंड में तीन अंक गंवा कर 7-3 से पीछे हो गए। चौथे राउंड में विजेंदर ने भरपूर कोशिश की। इस दौर में बेयोक्स के फाउल के कारण विजेंदर को दो अतिरिक्त अंक भी मिले, लेकिन वे मुकाबला 8-5 से हार गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications
