नागौरी सहित सिमी के 5 सदस्य गुजरात पुलिस के सुपुर्द
भोपाल, 22 अगस्त (आईएएनएस)।अहमदाबाद से आए गुजरात पुलिस के दल को धार के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एस़ एस़ ठाकुर ने शुक्रवार को प्रतिबंधित संगठन स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेन्ट ऑफ इंडिया (सिमी) के मुखिया सफदर नागौरी सहित पांच सदस्यों को सौंपने का आदेश जारी किया है।
अहमदाबाद में हुए सिलसिलेवार बम धमाकों के तार सिमी से जुड़े होने का खुलासा होने के बाद गुजरात पुलिस पूछताछ के लिए सिमी कार्यकर्ताओं को रिमांड पर लेने मध्यप्रदेश आई हुई है।
गुजरात पुलिस ने पिछले दिनों बम धमाकों के मास्टर माइंड अबू बशीर सहित दस सिमी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया था, जिन्होंने पूछताछ में इस बात का खुलासा किया था कि अहमदाबाद बम धमाकों की साजिश सिमी ने रची थी। बशीर से मिली जानकारियों के आधार पर ही गुजरात पुलिस सिमी के मुखिया सफदर नागौरी सहित अन्य चार लोगों से पूछताछ करना चाहती है।
गौरतलब है कि नागौरी रीवा जेल में है, जबकि कमरूद्दीन नागौरी, आमिल परवेज, सिवली और हफीज इंदौर जेल में हैं। गुजरात पुलिस ने इन सभी से पूछताछ के लिए अहमदाबाद न्यायालय से प्रोटेक्शन वारंट हासिल किया और इसे शुक्रवार को धार के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में प्रस्तुत किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications
