बिहार में रहस्यमय बीमारी से 7 की मौत
इस रहस्यमय बीमारी से पीड़ित जितेंद्र सहनी ने आज आईएएनएस को बताया कि चिरैया प्रखंड के दो गांव एकौना और खरसावां के कुछ मजदूर रोजी-रोजगार के लिये नागालैंड की राजधानी कोहिमा गये थे। वहां के पहाड़ों के बीच बसे मदका गांव में चल रही एक विद्युत परियोजना के निर्माण कार्य में इन्होंने काम करना शुरू किया।
उन्होंने बताया कि अभी कुछ दिन ही बीते थे कि जहरीले मच्छरों के काटने से दो मजदूरों की तबीयत अचानक खराब हो गई। इन मजदूरों को तत्काल कोहिमा के डॉन-डान अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान ही इन दोनों मजदूरों की मौत हो गई। इस दौरान और भी मजदूर इस रहस्यमय बीमारी की चपेट में आ गये। इसके बाद सभी मजदूर काम छोड़ वहां से बिहार लौट आए।
जितेंद्र ने बताया कि वहां से आये पीड़ित मजदूरों को मोतिहारी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि कोहिमा से लौटने के बाद इलाज के दौरान एकौना गांव निवासी राज कुमार सहनी व उमा सहनी और खरसावां गांव निवासी बाबूलाल राय, ललन राय व प्रमोद सहनी की मौत हो गई।
उधर, इस बीमारी से पीड़ित जितेन्द्र सहनी, किशोर सहनी व मिस्त्री सहनी का इलाज मोतिहारी के डा़ मोनिन हासमी के निजी क्लीनिक में चल रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
