बरसी पर अलग अंदाज में याद किए गए उस्ताद बिस्मिल्लाह खान
मुंबई, 22 अगस्त (आईएएनएस)। शहनाई उस्ताद बिस्मिल्लाह खान की दूसरी बरसी को उनकी मानस पुत्री सोमा घोष ने अलग अंदाज में मनाया। उन्होंने इस मौके को युवाओं में शास्त्रीय संगीत को लोकप्रिय बनाने के प्रयास के रूप में इस्तेमाल किया।
भारतीय शास्त्रीय संगीत के बनारस घराने की सुप्रसिद्ध गायिका सोमा ने गुरुवार को उस्ताद की स्मृति में 'याद-ए-बिस्मिल्लाह' नामक संगीत समारोह का आयोजन किया था।
इस मौके पर उन्होंने उस्ताद की चंद पसंदीदा कजरियां भी गाईं। कजरियों के अलावा सोमा ने कुछ खयाल और गजलें भीं गाईं। उनकी गायकी पर साजिंदों ने सुरबहार, तारशहनाई, सुंदरी, पखावज ओर खोल जैसे साजों के साथ संगत दी जबकि उस्ताद के बेटे नाजिम हुसैन ने तबले पर उनका साथ दिया। गौरतलब है कि इनमें से कई साज ऐसे हैं जो अब आम चलन में नहीं रह गए हैं।
इस अवसर पर सोमा ने कहा, "अब्बा सोचते थे कि लोग शास्त्रीय संगीत से दूर होकर पॉप संगीत की ओर रुख कर रहे हैं। वे नई पीढ़ी के समक्ष शास्त्रीय संगीत को आगे बढ़ाना चाहते थे। उनकी इच्छा पूरी करने के लिए ही मैं शास्त्रीय संगीत और पुराने साजों के बारे में जागरुकता फैला रही हूं। मेरी ओर से यही उन्हें श्रद्धांजलि है।"
कार्यक्रम के दौरान उस्ताद बिस्मिल्लाह खान और उनके गुरू अली बख्श के बीच के गुरु-शिष्य संबंधों पर 40 मिनट की एक नाटिका भी दिखाई गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
