मुख्यमंत्री के पद के लिए उछला कमलनाथ का नाम!
छिंदवाड़ा, 22 अगस्त (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश में कांग्रेस की एकता के लिए छिंदवाड़ा में बुलाए गए कार्यकर्ता सम्मेलन में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री कमलनाथ का नाम प्रदेश में कांग्रेस के अगले मुख्यमंत्री के तौर पर उभरकर सामने आया। प्रदेश की राजनीति में यह पहला मौका है जब चुनाव से पहले ही कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री का नाम उछला है।
छिंदवाड़ा के पोलो ग्राउंड में आयोजित कांग्रेस के कार्यकर्ता सम्मेलन के मंच पर तमाम दिग्गज एक साथ जुटे। ग्वालियर के डबरा सम्मेलन के बाद यह पहला ऐसा आयोजन था जब कांग्रेस के तमाम प्रमुख नेता एक मंच पर आए हों। कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा में हुए इस सम्मेलन में यह तो संदेश देने की कोशिश की ही गई कि पार्टी के भीतर उनकी ताकत को आसानी से चुनौती नहीं दी जा सकती।
प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष सुभाष यादव ने कहा कि लोगों का मानना है कि छिंदवाड़ा में सम्मेलन कमलनाथ को भावी मुख्यमंत्री के तौर पर प्रस्तुत करने के लिए हो रहा है जिसे वे भी गलत नहीं मानते हैं। उनका कहना था कि अगर कमलनाथ प्रदेश के मुख्यमंत्री बनते हैं तो इसमें बुराई क्या है। यादव की इस बात को महासचिव दिग्विजय सिंह ने आगे बढ़ाते हुए कहा कि उन्हें भी कमलनाथ का नेतृत्व स्वीकार है और वे मुख्यमंत्री बनते हैं तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं हैं। साथ ही उन्होंने जोड़ा कि पार्टी का पहला लक्ष्य चुनाव जीतना है। उसके बाद मुख्यमंत्री कौन होगा यह पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी तय करेंगी।
इस सम्मेलन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता तो जुटे ही साथ में कमलनाथ के अलावा महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी बी़ नारायण सामी, प्रदेशाध्यक्ष सुरेश पचौरी, वीरप्पा मोइली, सत्यव्रत चतुर्वेदी, दिग्विजय सिंह, कांतिलाल भूरिया, ज्योतिरादित्य सिंधिया, जमुना देवी, सुभाष यादव, अजय सिंह पहुंचे। सभी ने प्रदेश की भाजपा सरकार को आगामी विधानसभा चुनाव में उखाड़ फेंकने का संकल्प लिया और पार्टी की एकजुटता का प्रदर्शन किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications
