बीजिंग ओलंपिक : विजेंदर ने देश को दिलाया मुक्केबाजी का पहला कांस्य (राउंडअप)
बीजिंग, 22 अगस्त (आईएएनएस)। भारत के मुक्केबाज विजेंदर कुमार शुक्रवार को खेले गए मिडिलवेट वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले में क्यूबा के मुक्केबाज एमिलियो कोरिया बेयोक्स जूनियर से बेशक हार गए, लेकिन इस हार ने भी विजेंदर को भारत के खेल इतिहास में अमर कर दिया।
पराजय के बाद भी विजेंदर इतिहास रचने में सफल रहे। अपनी शानदार सफलता के माध्यम से विजेंदर ने भारत को पहली बार मुक्केबाजी में पदक दिलाया। भारत के 108 साल पुराने ओलंपिक इतिहास में यह पहला मौका है, जब कोई मुक्केबाज सेमीफाइनल में पहुंचा और कांस्य पदक जीतने में सफल रहा।
बीजिंग में जब विजेंदर का मुकाबला चल रहा था, तब उसका गृहनगर भिवानी मानो थम सा गया था। विजेंदर और बेयोक्स के बीच मुकाबला तो बीजिंग में हो रहा था, लेकिन वहां से हजारों किलोमीटर दूर हरियाणा के छोटे से शहर भिवानी में हर शख्स अपने-अपने टीवी सेट से चिपका हुआ था।
विजेंदर के घर के बाहर तो मानो लोगों का रेला लगा हुआ था। शहर के बाहरी छोर पर स्थित उनके गांव कालूवास में इस ऐतिहासिक मुकाबले को देखने के लिए विशाल प्रजेक्शन स्क्रीन लगाई गई थी।
इस मैच को देखने के लिए स्कूल और कॉलेजों के छात्र शुक्रवार को घर पर ही रहे। सुबह से ही रोमांच का माहौल बना हुआ था, लेकिन विजेंदर की हार के साथ पूरे शहर और खासकर कालूवास में सन्नाटा परस गया।
हार हमेशा अपने साथ निराशा के भाव लाती है, लेकिन विजेंदर के साथी मुक्केबाजों का मानना है कि इस हार पर निराश होने की कतई जरूरत नहीं, क्योंकि विजेंदर कड़े मुकाबले के बाद हारे हैं।
विजेंदर के साथियों ने कहा कि उनका दोस्त हार गया तो क्या हुआ, उसने देश के लिए कांस्य पदक तो जीत ही लिया। यह अपने आप में एक महान घटना है।
मुकाबले की बात करें तो विजेंदर ने काफी रक्षात्मक होकर शुरुआत की। इसका नतीजा हुआ कि बेयोक्स पहले ही दौर में दो अंकों की बढ़त बनाने में सफल रहे।
दूसरे दौर में भी बेयोक्स ने दो अंक बटोरे, लेकिन इस दौर में विजेंदर ने भी अपने मुक्कों का जलवा बिखरते हुए स्कोर 3-4 कर लिया। यही वो दौर था, जिसमें विजेंदर ने अपना असल खेल दिखाया।
तीसरा राउंड बेयोक्स के लिए महत्वपूर्ण साबित हुआ। इस दौर में विजेंदर एक भी अंक नहीं हासिल कर सके, जबकि बेयोक्स ने तीन अंक अपने खाते में डाले। इस दौर के बाद बेयोक्स स्कोर 7-3 से आगे चल रहे थे।
चौथे राउंड में विजेंदर ने भरपूर कोशिश की। इस दौर में बेयोक्स के फाउल के कारण विजेंदर को दो अतिरिक्त अंक भी मिले, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। आखिर के 40 सेकेंड में बेयोक्स ने एक अंक और बटोर लिया। इस अंक की बदौलत बेयोक्स यह मुकाबला 8-5 से जीत गए।
भारतीय टीम के कोच गुरबख्श सिंह संधू ने कहा, "मुझे नहीं लगता कि हमें दुखी होना चाहिए। हां, हमने उम्मीद की थी कि वह जीतेगा और यह सचमुच नजदीकी मुकाबला था। हम यहां पांच मुक्केबाजों के साथ आए थे उनमें से तीन अंतिम आठ तक पहुंचे।"
इस मैच में अपनी रणनीति को लेकर विजेंदर ने कहा, "मेरा मानना है कि शुरुआत में हमारी रणनीति कुछ हद तक नाकाम रही। मैं काफी रक्षात्मक हो गया था। यहीं बेयोस्क को मौका मिला और उन्होंने आगे बढ़कर दो अंक हासिल कर लिए। यह मेरी गलती थी।"
जहां तक राउंड का सवाल है तो विजेंदर और बेयोस्क ने दो-दो राउंड जीते, लेकिन तीसरा राउंड बेयोस्क के लिए अहम साबित हुआ। विजेंदर इस हार से बिल्कुल निराश नहीं हुए। उन्होंने एक आला दर्जे के पेशेवर खिलाड़ी की तरह हार से सबक लेते हुए अगले ओलंपिक में बेयोस्क को हराने का वादा किया।
विजेंदर ने कहा, "यह अलग बात है कि मैं हार गया, लेकिन 2012 में लंदन में होने वाले अगले ओलंपिक में मैं बेयोक्स से इस हार का बदला लूंगा और भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतकर लौटूंगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
