पीसीबी प्रमुख के खिलाफ भ्रष्टाचार की जांच हो : मियांदाद
कराची, 22 अगस्त (आईएएनएस)। पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान जावेद मियांदाद ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के पूर्व अध्यक्ष नसीम अशरफ के खिलाफ भ्रष्टाचार के जांच की मांग की है।
मियांदाद ने बतौर अध्यक्ष अशरफ की नीतियों की आलोचना करते हुए सरकार से उनके खिलाफ जांच की मांग की है। मियांदाद के अलावा कई अन्य पूर्व क्रिकेटर भी अशरफ के खिलाफ लामबंद हो गए हैं।
मियांदाद ने दावा किया कि अशरफ के कार्यकाल में पीसीबी में भ्रष्टाचार चरम पर था, लिहाजा इसके लिए सीधे तौर पर अशरफ को दोषी करार दिया जाना चाहिए।
मियांदाद ने अशरफ का नाम एक्जिट कंट्रोल लिस्ट (ईसीएल) की सूची में डालने की वकालत की, क्योंकि उन्हें आशंका है कि अशरफ बहुत जल्द पाकिस्तान छोड़कर अमेरिका चले जाएंगे।
इससे पहले, शुक्रवार को पीसीबी अधिकारियों ने अशरफ को जोरदार विदाई दी। लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के बाद अशरफ ने कहा, "मेरे लिए यह भावनात्मक विदाई रही। मैं क्रिकेट से प्यार करता हूं, लिहाजा मैंने हमेशा इस खेल की बेहतरी के लिए काम किया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
