मप्र मछुआरों के लिए अलग नीति बनाने वाला पहला राज्य
जबलपुर, 22 अगस्त (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मत्स्य पालन नीति की घोषणा करते हुए मांझी, मछुआ और केवट समाज को एक साथ कई तोहफे दे डाले। मछुआ महापंचायत में शुक्रवार को मुख्यमंत्री की इस घोषणा से मध्यप्रदेश देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है जहां मत्स्य पालन नीति है।
इस मौके पर चौहान ने कहा कि मछुआरों के विकास में उनकी सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी। उन्होंने घोषणा की कि इस वर्ग के आदर्श निषाद राज की जयंती पर प्रदेश में एच्छिक अवकाश रहेगा, जीवन श्री बीमा योजना का लाभ दिया जाएगा, फोटो युक्त परिचय पत्र जारी होंगे और मछली पालन के लिए पांच प्रतिशत ब्याज पर अल्पकालीन ऋण दिया जाएगा।
इतना ही नहीं उन्होंने प्रदेश के मांझी - मछुआ समाज बाहुल्य स्थानों पर निषाद राज भवन बनाने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने मत्स्य उत्पादन में वृद्धि के लिए आधुनिकतम तकनीकों का इस्तेमाल करने का निर्णय लिया है जिस पर इस वर्ष छह करोड़ रुपए की राशि व्यय की जाएगी।
मछुआरों को जाल, नाव, इंसुलेटेड बॉक्स एवं अन्य आवश्यक उपकरण दिए जाएंगे। इस महापंचायत में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, मत्स्य पालन राज्य मंत्री मोती कश्यप और प्रभारी मंत्री नरोत्तम मिश्रा मौजूद थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
