इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और आस्ट्रेलिया भी कर सकते हैं चैंपियंस ट्राफी का बहिष्कार!
कराची, 22 अगस्त (आईएएनएस)। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने आशंका जताई है कि दक्षिण अफ्रीका की तरह इंग्लैंड, आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की क्रिकेट टीमें भी उसके यहां सितंबर में होने वाली आईसीसी चैंपियंस ट्राफी का बहिष्कार कर सकती हैं।
पीसीबी के मुख्य ऑपरेटिंग अधिकारी शफकत नगमी ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका की तरह इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और आस्ट्रेलिया भी काफी समय से सुरक्षा कारणों का हवाला देकर पाकिस्तान आने में आनाकानी कर रहे हैं। अब जबकि, दक्षिण अफ्रीका ने प्रतियोगिता से अपना हाथ खींच लिया है, इन देशों द्वारा भी प्रतियोगिता का बहिष्कार करने की आशंका बढ़ गई है।
चैंपियंस ट्राफी की मेजबानी को लेकर रविवार को फैसला होना है, लेकिन उससे पहले दक्षिण अफ्रीका ने इसमें खेलने से इनकार कर दिया। हालांकि भारत और श्रीलंका जैसे महत्वपूर्ण एशियाई देशों तथा वेस्टइंडीज की टीमें पाकिस्तान में खेलने को तैयार हैं।
चैंपियंस ट्राफी का आयोजन 12 से 28 सितंबर तक लाहौर तथा कराची में होना है। पाकिस्तान सरकार ने इस टूर्नामेंट के लिए खिलाड़ियों को अभूतपूर्व सुरक्षा मुहैया कराने की गारंटी दी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications
