हिंसा नहीं थमी तो नैनो परियोजना ठप : टाटा
कोलकाता, 22 अगस्त (आईएएनएस)। टाटा समूह के अध्यक्ष रतन टाटा ने शुक्रवार को कहा है कि सिंगुर में यदि हिंसा नहीं थमी तो उनकी कंपनी 'नैनो' (छोटी कार) परियोजना से पीछे हटने से नहीं हिचकिचाएगी।
कोलकाता, 22 अगस्त (आईएएनएस)। टाटा समूह के अध्यक्ष रतन टाटा ने शुक्रवार को कहा है कि सिंगुर में यदि हिंसा नहीं थमी तो उनकी कंपनी 'नैनो' (छोटी कार) परियोजना से पीछे हटने से नहीं हिचकिचाएगी।
पश्चिम बंगाल सरकार के कई मंत्रियों एवं आला अधिकारियों के साथ मुलाकात के बाद टाटा ने संवाददाताओं से कहा, "यह कोलकाता को तय करना है कि उन्हें अवांछित निवासी चाहिए या पश्चिम बंगाल का अच्छा कारपोरेट नागरिक।"
टाटा ने कहा, "इस वातावरण में हम संयंत्र का संचालन नहीं कर सकते। यदि पश्चिम बंगाल हमें चाहता है, तो हमें यहां रहने और राज्य के विकास का हिस्सा बनने में बड़ी खुशी होगी।"
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल से उन्हें भावनात्मक लगाव रहा है। लेकिन, अब वे महसूस कर रहे हैं कि उन्हें यहां पसंद नहीं किया जा रहा है, कारण चाहे जो भी हो।
उन्होंने कहा कि औद्योगिकरण की प्रक्रिया से ग्रामीण समुदाय को बाहर नहीं रखा जा सकता। वे नहीं समझते कि औद्योगिकरण के बिना ग्रामीणों की समृद्धि संभव है।
टाटा ने कहा कि कोलकाता से लगभग 40 किलोमीटर दूर सिंगुर में सरकार ने जो जमीन उनकी कंपनी को मुहैया कराई है, वह उपजाऊ नहीं है और अगले दो वर्ष तक वहां खेती भी संभव नहीं है। यह पूछे जाने पर कि क्या मौजूदा गतिविधियों का समूह की भविष्य की योजनाओं पर प्रभाव पड़ेगा? उन्होंने कहा, "क्यों नहीं, पड़ेगा।"
टाटा ने कहा, "यदि कोई समझता है कि बड़े स्तर पर निवेश के बाद परियोजना से पीछे हटना संभव नहीं हो पाएगा, तो मैं उन्हें बता दूं कि अपने लोगों की रक्षा के लिए हम ऐसा कर सकते हैं।"
उन्होंने कहा कि 15 अरब रुपये जैसे से भारी भरकम निवेश का यह मतलब नहीं है कि कदम वापस नही लिए जा सकते। उन्होंने कहा, "यदि पिटाई की जाती है और हिंसा होती है, तो मैं अपने परिवार और लोगों को पश्चिम बंगाल नहीं लाऊंगा।"
गौरतलब है कि सिंगुर में टाटा समूह की कंपनी टाटा मोटर्स की महत्वकांक्षी एक लाख रुपये कीमत वाली कार 'नैनो' का उत्पादन संयंत्र स्थापित किया जा रहा है। यह परियोजना रतन टाटा की 'ड्रीम प्रोजेक्ट' कहलाती है। लेकिन जमीन अधिग्रहण के मामले को लेकर सिंगुर में भड़की हिंसा से टाटा खासे चिंतित हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
