भाजपा ने लालू मामले में प्रधानमंत्री से मांगी सफाई
नई दिल्ली, 11 अगस्त (आईएएनएस)। रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव द्वारा कथित तौर पर अपने पद का दुरुपयोग करने और इसके जरिए अपने संबंधियों को जमीन का लाभ पहुंचाने संबंधी एक टेलीविजन चैनल द्वारा किए गए खुलासे पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से सफाई मांगी है।
भाजपा प्रवक्ता राजीव प्रताप रूड़ी ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा, "टेलीविजन चैनल द्वारा किए गए खुलासे में बताया गया है कि किस प्रकार केंद्र सरकार में मंत्री व राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कुछ नेताओं ने लालू के परिवारवालों को जमीन की रेवड़ियां उपहार के रूप में बांटी। यही नहीं चैनल द्वारा किए गए खुलासे में यह भी दिखाया गया है कि किस प्रकार लालू ने अपने पद का दुरुपयोग कर जमीन कब्जाया है।"
उन्होंने कहा कि लालू का ट्रैक रिकार्ड भी ऐसा ही रहा है। करोड़ों रुपये के चारा घोटाला मामले में वे मुख्य आरोपी हैं। इसलिए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों के मामले में कम से कम साफगोई से पेश आना ही चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications