अमरनाथ विवाद : विवाद खत्म करने के लिए प्रणब ने की बैठकें
नई दिल्ली, 7 अगस्त (आईएएनएस)। श्रीअमरनाथ श्राइन बोर्ड को आवंटित भूमि वापस लिए जाने के विरोध में जम्मू कश्मीर में हो रही हिंसक प्रदर्शनों को समाप्त करने के लिए गुरुवार को विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी ने दो बैठकें आयोजित की।
पिछले छह हफ्तों से अमरनाथ विवाद की आग में झुलस रही जम्मू कश्मीर को फिर पटरी पर लाने के लिए मुखर्जी ने गृह मंत्री शिवराज पाटिल, गृह सचिव मधुकर गुप्ता और केबिनेट सचिव के. एम. चंद्रशेखर के साथ बैठक की।
शाम में जम्मू कश्मीर मसले को सुलझाने के लिए मुखर्जी के आवास पर कांग्रेस समिति की बैठक हुई। बैठक में जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद, रक्षा मंत्री ए. के. एंटनी, वित्त मंत्री पी. चिदंबरम, गृह मंत्री शिवराज पाटिल और कांग्रेस अध्यक्ष के राजनीतिक सलाहकार अहमद पटेल ने हिस्सा लिया।
इससे पूर्व बुधवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने सर्वदलीय बैठक आयोजित की थी। गौरतलब है कि जम्मू में हिंसक प्रदर्शनों में 14 लोगों की जान जा चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications
