जम्मू हवाई अड्डे पर फंसे फारुक और मेहबूबा (लीड-1)
जम्मू, 1 अगस्त (आईएएनएस)। नेशनल कांफ्रेंस के नेता व जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारुक अब्दुल्ला और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की नेता मेहबूबा मुफ्ती को शुक्रवार को जम्मू हवाई अड्डे पर अमरनाथ संघर्ष समिति (एवाईएसएस) के प्रदर्शनकारियों को तीन घंटे से अधिक समय तक रोके रखा।
फारुक और मेहबूबा राज्यपाल द्वारा आहुत सर्वदलीय बैठक में हिस्सा लेने के लिए श्रीनगर से जम्मू आए थे। दोनों नेताओं के जम्मू पहुंचने की खबर लीक होने के बाद प्रदर्शनकारियों ने हवाई अड्डे की ओर जाने वाली सड़कों को बंद कर दिया और पथराव किया।
श्रीअमरनाथ श्राइन बोर्ड (एसएएसबी) से जमीन वापस लिए जाने का विरोध कर रहे इन प्रदर्शनकारियों ने दोनों नेताओं को बैठक के लिए राजभवन जाने से रोके रखा।
हवाई अड्डे पर फंसे दोनों नेताओं को राज्य सरकार ने राजभवन पहुंचाने के लिए हेलीकाप्टर की सुविधा देने की योजना बनाई, लेकिन प्रदर्शनकारियों के आक्रोश और योजना के लीक हो जाने के भय से दोनों नेता तीन घंटे से अधिक समय व्यतीत हो जाने के बाद भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हवाई अड्डे से निकल पाए।
फारुक और मेहबूबा को हवाई अड्डे से बाहर निकालने के लिए राजभवन की ओर जाने वाले रास्ते पर राज्य पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तीन बटालियन को तैनात किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications
