मध्यप्रदेश के जूनियर डॉक्टर काम पर लौटें : हाईकोर्ट
इंदौर, 1 अगस्त (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश में पांच दिनों से चल रही जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल को उच्च न्यायालय की इंदौर खंडपीठ ने गंभीरता से लिया है। साथ ही जूनियर डॉक्टरों को काम पर लौटने के आदेश दिए हैं।
इंदौर खंडपीठ के मुख्य न्यायाधीश ए़ क़े पटनायक और न्यायाधीश एस़ क़े सेठ ने आदेश दिया।
अधिवक्ता सतपाल आनंद ने एक याचिका दायर कर जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल पर सवाल खडे किए। साथ ही इसके लिए उन्होंने मध्यप्रदेश सरकार, जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन, एम़ वाय़ अस्पताल के अधीक्षक, चिकित्सा महाविद्यालय इंदौर के डीन, कलेक्टर इंदौर और अहिल्या बाई विश्वविद्यालय पर निशाना साधा है।
याचिका में कहा गया है कि जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल से गरीब वर्ग को परेशानी हो रही है और सरकार का निकम्मापन भी सामने आ रहा है।
सतपाल आनंद के अनुसार खंडपीठ ने चिकित्सा महाविद्यालय इंदौर के डीन और एम़ वाय के अधीक्षक को तलब किया। दोनों अधिकारियों ने स्वीकार किया कि इस हड़ताल से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुई हैं।
पीठ ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा आम आदमी की जरूरत है इसलिए जूनियर डॉक्टरों को तुरंत काम पर लौट आना चाहिए। इस मामले की अगली सुनवाई 12 अगस्त को होगी जिसमें उन सभी पक्षों को जवाब देना होगा जिन्हें आनंद ने हड़ताल के लिए जिम्मेदार ठहराया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
