एमसीएक्स में सोना व चांदी कमजोर
नई दिल्ली, 1 अगस्त (आईएएनएस)। घरेलू वायदा बाजार मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में सोने व चांदी की कीमतों में नरमी दर्ज की जा रही है। इसकी वजह अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में सोने व चांदी की कीमतों में गिरावट है। लंदन हाजिर बाजार में आज सोना 2.55 डालर की नरमी से 910.75 डालर प्रति औंस दर्ज किया गया।
एमसीएक्स में सुबह 11 बजकर 50 मिनट पर सोने का अक्टूबर वायदा 85 रुपये की नरमी से 12,603 रुपये प्रति दस ग्राम जबकि चांदी का सितंबर वायदा 146 रुपये की कमजोरी से 24,574 रुपये प्रति किलो दर्ज किया गया।
नाइमेक्स के कामेक्स डिवीजन में गुरुवार को सोने का दिसंबर वायदा हालांकि 10.40 डालर की मजबूती से 922.70 डालर प्रति औंस बंद हुआ । न्यूयार्क मर्के टाइल एक्सचेंज (नाइमेक्स) में गुरुवार को तेल का सितंबर वायदा 2.69 डालर प्रति बैरल की गिरावट से 124.08 डालर प्रति बैरल बंद हुआ। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार सोने की कीमतों में कल आई तेजी के लिए अमेरिकी अर्थव्यवस्था में अनुमान से कम विकास दर के मद्देनजर यूरो के मुकाबले डालर में आई नरमी जिम्मेदार रही।
ब्यूरो आफ इकोनोमिक एनालिसिस से गुरुवार को जारी नतीजों के मुताबिक वर्ष 2008 की दूसरी तिमाही के दौरान अमेरिकी अर्थव्यवस्था में विकास दर 1.9 फीसदी दर्ज की गई। सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में विकास दर हालांकि वर्ष 2008 के प्रथम तिमाही के पुनरीक्षित 0.9 फीसदी से ज्यादा है लेकिन अर्थशास्त्रियों के अनुमान 2.3 फीसदी से कम है। इन आंकड़ों के जारी होने के बाद अंतर बैंकिंग मुद्रा विनिमय बाजार में यूरो डालर के मुकाबले 1.5699 डालर की ऊंचाई तक चली गई। निवेशकों को फिलहाल अमेरिकी श्रम विभाग से आज जारी होने वाले पेरोल आकड़ों का बेसब्री से इंतजार है।
एमसीएक्स में शुक्रवार सुबह 11 बजकर 50 मिनट पर सोने का अक्टूबर वायदा 34 रुपये की नरमी से 12,654 रुपये प्रति दस ग्राम खुला और 12,602-12,654 रुपये प्रति दस ग्राम के बीच कारोबार करते हुए 85 रुपये की नरमी से 12,603 रुपये प्रति दस ग्राम देखा गया। वही चांदी का सितंबर वायदा 39 रुपये की कमजोरी से 24,681 रुपये प्रति किलोग्राम खुला और 24,567-24,681 रुपये प्रति किलोग्राम के बीच कारोबार करते हुए 146 रुपय की नरमी से 24,574 रुपये प्रति किलोग्राम दर्ज किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
