आसाराम आश्रम प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज (लीड-1)
छिंदवाड़ा, 1 अगस्त (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा में स्थित संत आसाराम बापू के गुरुकुल में मंगलवार को बाथरूम में मृत मिले छात्र राम कृष्ण यादव की मौत के मामले में पुलिस ने आश्रम के सात लोगों के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया है।
आसाराम बापू का गुरुकुल आश्रम तीन दिनों से सुर्खियों में है। इस आश्रम में मंगलवार को राम कृष्ण यादव और गुरुवार की शाम को वेदांत की मौत हुई थी। दोनों के ही शव बाथरूम में मिले थे। दोनों मृत छात्रों के शरीर पर चोट का निशान न पाए जाने से मामला संदिग्ध हो गया है। राम कृष्ण के विसरा को परीक्षण के लिए फॉरेंसिक प्रयोगशाला सागर भेजा गया है। वहीं वेदांत का पोस्टमार्टम फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मौजूदगी में कराया गया है।
छिंदवाड़ा के पुलिस उपमहानिरीक्षक क़े वैफई के मुताबिक प्रारंभिक जांच में राम कृष्ण यादव की मौत की वजह लापरवाही नजर आती है। इसी को ध्यान में रखकर प्रबंधक ओ़ पी़ प्रजापति तथा वार्डन एऩ पी़ जायसवाल सहित सात लोगों के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि वेदांत की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
छिंदवाड़ा के कलेक्टर निकुंज श्रीवास्तव ने आईएएनएस को बताया कि दो बच्चों की मौत को लेकर प्रशासन गंभीर है और वह पूरे मामले की जांच करा रहा है। तीन दिन में आश्रम के बाथरूम में दो बच्चों की मौत से संदेह होना लाजमी है और उस पर से पर्दा हटाने की जिम्मेदारी प्रशासन की है। इसी बात को ध्यान में रखकर जबलपुर और भोपाल से फॉरेंसिक विशेषज्ञों के दल को बुलाया गया।
श्रीवास्तव के मुताबिक आश्रम में पढ़ने वाले कई छात्रों के परिजन अपने बच्चों को वापस ले जा रहे हैं। बच्चों में किसी भी तरह का डर न रहे इस बात को ध्यान में रखकर पुलिस बल की भी तैनाती कर दी गई है। आश्रम में पढ़ने वाले बच्चों से भी पुलिस पूछताछ कर रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications
