पद संभालते ही लोकसभा अध्यक्ष को पार्टी छोड़ देनी चाहिए : सोमनाथ
नई दिल्ली, 1 अगस्त (आईएएनएस)। लोकसभा अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी ने कहा है कि जैसे ही कोई व्यक्ति लोकसभा अध्यक्ष के पद के लिए चुना जाता है, उसे अस्थाई तौर पर अपनी पार्टी से इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने कहा है कि इस विषय पर बहस होनी चाहिए कि लोकसभा अध्यक्ष के पद पर बैठे व्यक्ति पर पार्टी की हुकूमत और उसके दिशा-निर्देश लागू होने चाहिए या नहीं।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह द्वारा पिछले दिनों लोकसभा में लाए गए विस्वास प्रस्ताव के दौरान मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) चाहती थी कि सोमनाथ चटर्जी लोकसभा अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दें और विश्वास मत पर सरकार के खिलाफ मतदान करें। लेकिन चटर्जी ने ऐसा नहीं किया। इसके कारण उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया।
लोकसभा अध्यक्ष पद से चटर्जी को इस्तीफा देना चाहिए या नहीं, इस पर चल रहे विवादों के बीच चटर्जी ने आज एक बयान जारी कर कहा है कि वह अपना कार्यकाल पूरा करना चाहते हैं। उन्होंने कहा है कि जिस दिन उन्हें पार्टी से निष्कासित किया गया था वह उनकी जिंदगी का सबसे दुखद दिन था।
चटर्जी ने कहा है, "पार्टी के दबाव के बावजूद अपने पद से इस्तीफा ने देने का फैसला मैंने सैद्धांतिक तौर पर और अपने अंत:करण से लिया था।"
उन्होंने कहा, "मौजूदा विवादों के बीच मै कहना चाहता हूं कि इस बात पर बहस होनी चाहिए कि जैसे ही कोई लोकसभा अध्यक्ष का पद संभालता है, उसे अपनी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से अस्थाई तौर पर इस्तीफा दे देना चाहिए। कोई भी राजनीतिक दल यह दावा नहीं कर सकता कि फलां लोकसभा अध्यक्ष उसकी पार्टी का है। बहस इस बात पर होनी चाहिए कि लोकसभा अध्यक्ष के पद पर बैठे व्यक्ति पर पार्टी की हुकूमत और उसके दिशा-निर्देश लागू होने चाहिए या नहीं"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications
