गाले टेस्ट : संभलती दिख रही है श्रीलंकाई पारी (लीड-12)
गाले, 1 अगस्त (आईएएनएस)। श्रीलंका के गाले क्रिकेट स्टेडियम में भारत और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन शुक्रवार को श्रीलंका की टीम अपनी पहली पारी में संभलती दिख रही है।
श्रीलंका ने दूसरे सत्र की शुरुआत में ही मात्र चार रन के कुल योग पर अपना पहला विकेट गंवा दिया था, लेकिन मलिंदा वर्णपुरा और कुमार संगकारा ने संयम के साथ खेलते हुए 10 ओवर के बाद स्कोर एक विकेट पर 56 रन तक पहुंचा दिया है। संगकारा जहां 38 गेंद पर तीन चौकों की मदद से 25 रन बनाकर खेल रहे हैं, वहीं वर्णपुरा 23 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 27 रन बनाकर नाबाद हैं।
श्रीलंका ने सलामी बल्लेबाज माइकल वेंडोर्ट के रूप में अपना पहला विकेट गंवाया था। वेंडोर्ट चार रन बनाकर जहीर खान की गेंद पर राहुल द्रविड़ के हाथों लपके गए।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने अपनी पहली पारी में 329 रन बनाए। भारत के लिए सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने 201 रनों की नाबाद पारी खेली। इसके अलावा गौतम गंभीर ने 56 रन बनाए। वीवीएस लक्ष्मण ने भी 39 रनों का योगदान दिया। श्रीलंका की ओर से युवा स्पिनर असंथा मेंडिस ने सबसे अधिक छह विकेट लिए।
इससे पहले, गुरुवार को मैच के पहले दिन बारिश के कारण निर्धारित 90 ओवर का खेल संभव नहीं हो सका था, इसी कारण शुक्रवार को मैच नियत समय सुबह 10.15 बजे से 30 मिनट पहले शुरू किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications
