अमरनाथ विवाद : राजभवन के पास आंदोलनकारियों ने पुलिस चौकी फूंकी (लीड-2)
जम्मू, 1 अगस्त (आईएएनएस)। श्रीअमरनाथ श्राइन बोर्ड (एसएएसबी) से जमीन वापस लिए जाने का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों ने शुक्रवार को राजभवन के समीप एक पुलिस चौकी को आग के हवाले कर दिया। प्रदर्शनकारियों और पुलिसकर्मियों के बीच झड़पें भी हुईं।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किए। इसके बाद पुलिस ने लाठी चार्ज किया। प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने हवा में गोलियां भी चलाईं।
एसएएसबी को आवंटित जमीन वापस लिए जाने का विरोध कर रहे 30 संगठनों के समूह अमरनाथ यात्रा संघर्ष समिति (एवाईएसएस) ने इस विवाद पर कश्मीरी नेताओं के जम्मू पहुंचने पर विरोध जताया है।
दोनों पक्षों के बीच गुरुवार की वार्ता बिना किसी निर्णय के समाप्त हो गई थी। एवाईएसएस के प्रवक्ता तिलक राज शर्मा ने आईएएनएस से कहा कि जब तक राज्यपाल कोई ठोस प्रस्ताव नहीं भेजते, तब तक उनके साथ फिर बातचीत करने का कोई मतलब नहीं होगा।
इससे पहले शर्मा ने कहा था कि जब तक लक्ष्य हासिल नहीं हो जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा और साथ-साथ वार्ता भी जारी रहेगी। लेकिन जब सैकड़ों लोगों ने तिलक राज शर्मा और संघर्ष समिति के संयोजक लीला कर्ण के आवास पर एकत्रित होकर उनसे कहा कि वार्ता से पहले जमीन मिलनी चाहिए, तो उन्होंने अपना रुख बदल लिया।
उधर राज्यपाल वोहरा ने जम्मू के प्रमुख नागरिकों और सभी पार्टियों के नेताओं की एक बैठक बुलाई है। आंदोलनकारियों के नेताओं ने उन्हें किसी प्रकार का समझौता नहीं करने की चेतावनी दी है। शुक्रवार को जम्मू में लगातार नौवें दिन भी बंद जारी रहा। दुकानें, स्कूल और वाणिज्यिक प्रतिष्ठान बंद रहे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications
