वरिष्ठ कम्युनिस्ट नेता सुरजीत नहीं रहे (लीड-1)
नई दिल्ली, 1 अगस्त (आईएएनएस)। वरिष्ठ कम्युनिस्ट नेता हरिकिशन सिंह सुरजीत का शुक्रवार को नोएडा के मेट्रो अस्पताल में ह्रदय गति रूक जाने से निधन हो गया। वे विगत कई दिनों से बीमार चल रहे थे। उन्हें छह दिन पूर्व अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। वे 93 वर्ष के थे।
अस्पताल के एक वरिष्ठ चिकित्सक ने आईएएनएस को बताया, "गत चार दिनों से उनकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई थी। उन्हें गहन चिकित्सा कक्ष में रखा गया था। धीरे-धीरे उनकी हालत बिगड़ती चली गई और दोपहर ढाई बजे के बाद उनका निधन हो गया।"
सुरजीत को गत तीन महीने में दूसरी बार 26 जुलाई को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। सुरजीत मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के लगातार चार बार महासचिव भी रहे थे। उन्हें गत छह मई को भी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।
चिकित्सकों के अनुसार सुरजीत के फेफड़ों में पानी भर गया था और वे निमोनिया से पीड़ित थे। इसके अलावा वे लंबे समय से गुर्दे और अन्य अंगों से संबंधित बीमारियों से भी जूझ रहे थे।
चिकित्सकों के अनुसार सुरजीत मेट्रो अस्पताल में विगत सात वर्षो से इलाज करवा रहे थे। तीन वर्ष पूर्व उनके गुर्दे का ऑपरेशन भी किया गया था। वे एक वर्ष से अधिक समय से नई दिल्ली के तीन मूर्ति लेन स्थित आवास में रह रहे थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications
