सिनसिनाटी मास्टर्स : भूपति-नोल्स सेमीफाइनल में पहुंचे (लीड-1)
सिनसिनाटी, 1 अगस्त (आईएएनएस)। भारत के युगल विशेषज्ञ महेश भूपति और बहामास के उनके जोड़ीदार मार्क नोल्स सिनसिनाटी मास्टर्स टेनिस टूर्नामेंट के युगल के सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं।
भूपति-नोल्स ने अमेरिका के मार्डी फिश और जॉन इसनर को 7-5, 6-7, 12-10 से पराजित किया। खिताबी मुकाबले के लिए भूपति-नोल्स का सामना अब वर्ष 2003 के चैंपियन बॉब ब्रायन और माइक ब्रायन से होगा। ब्रायन बंधुओं ने पोलैंड के मैरिसज फायर्सटेंग्बर्ग और मार्सिन मात्कोवस्की को 6-4, 7-6 से से पराजित किया।
उधर, एकल मुकाबलों में प्रतियोगिता का सबसे बड़ा उलटफेर देखने को मिला। अपने करियर के सबसे खराब दौर से गुजर रहे दुनिया के सर्वोच्च वरीयता प्राप्त खिलाड़ी स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर को तीसरे दौर में क्रोएशिया के इवो कार्लोविक के हाथों हार का सामना करना पड़ा। गुरुवार को हुए इस मैच में कार्लोविक ने उन्हें 7-6, 4-6, 7-6 से पराजित किया।
फेडरर को दुनिया के सर्वोच्च वरीयता प्राप्त टेनिस खिलाड़ी का ताज छोड़ना पड़ सकता है। स्पेन के राफेल नडाल अगर रविवार को सिनसिनाटी मास्टर्स खिताब जीतने में सफल रहते हैं तो वे फेडरर से यह खिताब हथिया लेंगे।
फेडरर पिछले 236 हफ्तों से दुनिया के सर्वोच्च वरीयता प्राप्त एकल खिलाड़ी बने हुए हैं। इस हार के बाद फेडरर को अपने ओलंपिक तथा अमेरिकी ओपन अभियान की रणनीति पर फिर से विचार करना होगा। दूसरी ओर, दुनिया के शीर्ष खिलाड़ी के तौर पर ओलंपिक में शिरकत करके नडाल अपने देश का मान बढ़ाएंगे।
लगातार हार के कारण फेडरर का ओलंपिक में स्वर्ण जीतने का सपना भी अधूरा रह सकता है। कुछ दिन पहले फेडरर ने कहा था कि वे अपने देश के लिए ओलंपिक में स्वर्ण जीतना चाहते हैं। फेडरर के मुताबिक इस वर्ष ओलंपिक स्वर्ण जीतना उनका लक्ष्य है।
बहरहाल, सिनसिनाटी मास्टर्स के दूसरे दौर में भी फेडरर को बड़ी मुश्किल से जीत मिली थी। अमेरिका के रॉबी गोनप्री के खिलाफ उन्हें संघर्ष करना पड़ा था। इसी का फायदा उठाकर कार्लोविक ने तीसरे दौरे के मैच में 22 एस लगाए और जीत अपने नाम की। पिछले हफ्ते टोरंटो में खेले गए टोरंटो मास्टर्स टेनिस टूर्नामेंट के दूसरे दौर में फ्रांस के खिलाड़ी जाइल्स साइमन ने फेडरर को मात दी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications
