अमरनाथ विवाद पर राज्यपाल और प्रदर्शनकारियों की वार्ता विफल

जम्मू, 1 अगस्त (आईएएनएस)। जम्मू कश्मीर के राज्यपाल एन.एन. वोहरा और श्रीअमरनाथ श्राइन बोर्ड को आवंटित जमीन वापस लिए जाने का विरोध कर रही अमरनाथ यात्रा संघर्ष समिति (एवाईएसएस) के नेताओं के बीच गुरुवार को हुई वार्ता बिना किसी नतीजे के समाप्त हो गई।

30 संगठनों के समूह एवाईएसएस के छह नेताओं का प्रतिनिधिमंडल अपने प्रवक्ता तिलकराज शर्मा के नेतृत्व में गुरुवार शाम राज्यपाल से मिलने राजभवन गया था। राज्यपाल के साथ प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात करीब 75 मिनट चली।

दोनों पक्षों ने कश्मीर के बालताल में 40 हेक्टेयर भूमि के मसले पर चर्चा की। समझा जाता है कि राज्यपाल ने श्राइन बोर्ड को भूमि लौटाने की अपील ठुकरा दी है।

बताया जा रहा है कि राज्यपाल ने एवाईएसएस के प्रतिनिधियों को बता दिया कि श्राइन बोर्ड को भूमि वापस लौटाना संभव नहीं है। इसके बजाए उन्होंेने विशेषज्ञों के एक दल के गठन का वादा किया, जो यात्रा तथा अन्य मसलों से जुड़े आधिकारिक दस्तावेजों और अन्य ब्यौरे का अध्ययन करेगा।

इसके बाद एवाईएसएस के नेताओं ने महीने भर से चल रहे प्रदर्शन समाप्त करने का राज्यपाल का आह्वान ठुकरा दिया।

एवाईएसएस के प्रवक्ता ने बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा कि उन्होंेने राज्यपाल को बता दिया कि जब तक श्राइन बोर्ड को भूमि वापस नहीं की जाएगी प्रदर्शन बंद नहीं किए जाएंगे।

जम्मू में श्राइन बोर्ड को भूमि वापस करने की मांग को लेकर बंद लगातार आठवें दिन गुरुवार को भी जारी रहा। बंद के कारण सभी व्यापारिक संस्थान और स्कूल बंद रहे और वाहन नहीं चले। एवाईएसएस ने रविवार शाम तक बंद का आह्वान किया है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+