गाले टेस्ट : भारत के 300 रन पूरे (लीड-5)
गाले, 1 अगस्त (आईएएनएस)। भारत और श्रीलंका के बीच श्रीलंका के गाले क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन शुक्रवार को पहले सत्र के खेल में भारतीय टीम ने 300 रन पूरे कर लिए।
68 ओवर की बल्लेबाजी के दौरान भारतीय टीम ने छह विकेट गंवाए हैं। सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग 184 गेंदों पर 22 चौकों और चार छक्कों की मदद से 180 रन और कप्तान अनिल कुंबले 11 गेंदों पर बिना कोई रन बनाए खेल रहे हैं।
गुरुवार को पहले दिन के खेल में चार विकेट गंवाकर 214 रन बनाने वाली भारतीय टीम का पांचवां विकेट वीवीएस लक्ष्मण के रूप में गिरा। लक्ष्मण 39 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी 83 गेंदों की पारी में चार चौके लगाए। लक्ष्मण का विकेट स्पिनर असंथा मेंडिस ने लिया।
भारत को यह झटका 278 के कुल योग पर लगा था। पांचवें विकेट के लिए सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग और लक्ष्मण के बीच 100 रनों की साझेदारी हुई।
भारत का छठा विकेट विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक के रूप मे गिरा। कार्तिक सात रन बनाकर पगबाधा आउट हुए। भारत का यह विकेट 290 के कुल योग पर गिरा। कार्तिक का विकेट भी युवा स्पिनर मेंडिस ने लिया। इस मैच में मेंडिस अब तक चार विकेट ले चुके हैं। दो विकेट चमिंडा वास के खाते में गए हैं।
इससे पहले, गुरुवार को मैच के पहले दिन बारिश के कारण निर्धारित 90 ओवर का खेल संभव नहीं हो सका था, इसी कारण शुक्रवार को मैच नियत समय सुबह 10.15 बजे से 30 मिनट पहले शुरू किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications
