शेयर बाजार को लगे शुरुआती झटके (संशोधित)
नई दिल्ली, 1 अगस्त (आईएएनएस)। देश के शेयर बाजारों में सप्ताहांत शुरुआती कारोबार में नरमी दर्ज की जा रही है। इसकी वजह अमेरिकी शेयर बाजारों में कल आई गिरावट है। अनिल धीरुभाई अंबानी समूह की कंपनी रिलायंस कम्युनिकेशंस से जारी अपेक्षाकृत कमजोर वित्तीय नतीजों से भी बाजार पर नकारात्मक असर पड़ा है।
शुरुआती कारोबार में बंबई स्टाक एक्सचेंज (बीएसई ) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'सेंसेक्स' भारतीय समयानुसार दस बजकर 34 मिनट पर 235.81 अंक यानी 1.64 फीसदी की कमजोरी से 14,119.94 के स्तर पर दर्ज किया गया। बीएसई के मिडकैप व स्मालकैप सूचकांकों में भी गिरावट दर्ज की जा रही है।
मिडकैप सूचकांक जहां 26.04 अंक यानी 0.47 फीसदी की नरमी से 5,541.33 के स्तर पर देखा गया, वहीं स्मालकैप सूचकांक 27.06 अंक यानी 0.39 फीसदी की कमजेारी से 6,885.73 के स्तर पर दर्ज किया गया।
राष्ट्रीय शेयर बाजार (एनएसई ) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'निफ्टी' भी समान अवधि के दौरान 1.63 फीसदी की नरमी से 4,262.15 के स्तर पर दर्ज किया गया।
फिलहाल रियल्टी, दूरसंचार, बैंकिंग, आटो, पूंजीगत वस्तुओं व ऊर्जा क्षेत्र की कंपनियों के शेयरों में बिकवाली का दबाव देखा जा रहा है।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार महंगाई दर में वृद्धि से भी घरेलू शेयर बाजारों में बिकवाली को प्रोत्साहन मिल रहा है।
केंद्रीय सांख्यिकी संगठन से कल जारी आंकड़ों के अनुसार 19 जुलाई को समाप्त हुए सप्ताह के दौरान देश में महंगाई दर बढ़कर 11.98 फीसदी हो गई। गत 12 जुलाई को समाप्त हुए सप्ताह के दौरान महंगाई दर 11.89 फीसदी थी।
शुरुआती कारोबार में आज जिन कंपनियों के शेयरों के भाव में नरमी दर्ज की गई, उनमें प्रमुख हैं: - जेएसडब्ल्यू स्टील, रिलायंस कम्यूनिकेशंस, डीएलएफ, यूनीटेक, एसबीआई, मारुति, रिलायंस इंफ्रासट्रक्च र, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, एल एंड टी व इंफोसिस।
इससे पहले अमेरिकी शेयर बाजार डाओ जोंस में गुरुवार को 205.67 अंक यानी 1.78 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई और यह 11,378.02 के स्तर पर बंद हुआ। स्टैंडर्ड एंड पूअर्स व नैसडेक में भी कल क्रमश: 16.88 अंक व 4.17 अंकों की नरमी दर्ज की गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications
