अर्जुन सिंह की हालत सुधरी, लेकिन अभी भी आईसीयू में
नई दिल्ली, 1 अगस्त (आईएएनएस)। केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री अर्जुन सिंह का स्वास्थ्य सुधरा है, लेकिन अभी भी उन्हें एम्स के गहन चिकित्सा कक्ष में रखा गया है।
स्वास्थ्य संबंधी कई तकलीफों के कारण बुधवार रात को उन्हें अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया था। एम्स के स्वास्थ्य अधीक्षक डी. के. शर्मा ने शुक्रवार को कहा, "उनकी स्थिति सुधरी है।"
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता 78 वर्षीय सिंह को पित्ताशय में पथरी के अलावा स्वास्थ्य संबंधी और भी कई तकलीफें हैं। जांच में पाया गया है कि उन्हें मधुमेह और हृदय संबंधी बीमारी की शिकायत भी है।
अस्पताल के सूत्रों का कहना है कि सिंह की कई चिकित्सा जांच हुई है। अभी भी उन्हें कम से कम चार दिन गहन चिकित्सा कक्ष में रहना पड़ेगा।
जठर तंत्र के सर्जरी विभाग के प्रमुख डा. टी. के. चट्टोपाध्याय और गहन चिकित्सा विभाग की प्रमुख डा. चंद्रलेखा के नेतृत्व में डॉक्टरों की एक टीम उनकी देखभाल कर रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
