गौतमी एक्सप्रेस में आग लगने से 13 मरे, 3 घायल (लीड-2)
हैदराबाद, 1 अगस्त (आईएएनएस)। आंध्रप्रदेश के वारंगल जिले में शुक्रवार तड़के गौतमी एक्सप्रेस के पांच डिब्बों में आग लगने से 13 लोग मारे गए और तीन घायल हो गए।
दुर्घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। हालांकि रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव ने ट्रेन में बम धमाके की किसी आशंका से इंकार किया है।
रेल मंत्री ने पत्रकारों से कहा, "दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। जांच फिलहाल जारी है, लेकिन बम धमाके की आशंका नहीं है।"
यह हादसा राजधानी हैदराबाद से लगभग 250 किलोमीटर दूर महबूबाबाद शहर के निकट एक जंगल में शुक्रवार तड़के लगभग दो बजे हुआ। गौतमी एक्सप्रेस सिकंदराबाद से काकीनाड़ा जा रही थी। एक रेल अधिकारी ने कहा, "दुर्घटना में 13 लोग मारे गए और तीन घायल हो गए।"
अधिकारी ने बताया कि आग एस-10 कोच में लगी और धीरे-धीरे एस-9, एस-11, एस-12 और एस-13 में फैल गई। एस-10 में सबसे ज्यादा 11 शव पाए गए। रात होने की वजह से ज्यादातर यात्री सोए हुए थे, इसलिए मरने वालों की संख्या ज्यादा है। मरने वालों में एक गर्भवती महिला तथा शारीरिक तौर पर अक्षम तीन लोग शामिल हैं।
आंध्रप्रदेश के पशुपालन मंत्री जी. सूर्य राव इसी ट्रेन में सफर कर रहे थे। उन्होंने कहा, "बहुत बुरे हालात थे। कुछ लोगों ने आग भड़कते देखी, उसके बाद दहशत फैल गई। किसी को समझ में नहीं आ रहा था कि क्या किया जाए।"
वारंगल जिले के पुलिस अधीक्षक वी. सी. सज्जानर ने कहा कि दुर्घटना स्थल तक सड़क नहीं होने के कारण राहतकर्मियों और अधिकारियों को वहां पहुंचने के लिए दो किलोमीटर पैदल चलना पड़ रहा है।
रेल मंत्री ने इस दुर्घटना में मरने वालों के परिवार के सदस्यों को पांच-पांच लाख रुपये और घायलों को एक-एक लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना में मारे गए प्रत्येक व्यक्ति के परिवार के किसी एक सदस्य को रेलवे में नौकरी दी जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications
