सामान्य स्तर पर आएंगी ब्याज दरें : चिदंबरम
बंगलौर, 1 अगस्त (आईएएनएस)। वित्त मंत्री पी. चिदंबरम ने कहा है कि अगले छह महीने से एक साल के भीतर ब्याज दरें कम होकर और सामान्य स्तर पर लौट आएंगी।
सार्वजनिक क्षेत्र के कारपोरेशन बैंक द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में शुक्रवार को चिदंबरम ने कहा, "ऊंची ब्याज दरें हमेशा नहीं बनी रहेंगी। हम मुश्किलों से उबर जाएंगे। उम्मीद है कि अगले छह महीने से एक वर्ष के भीतर ब्याज दरें सामान्य स्तर पर आ जाएंगी।"
उन्होंने स्वीकार किया बैंकों पर ब्याज दरें बढ़ाने का भारी दबाव है। लेकिन उन्होंने बैंकों को सलाह दी कि उन्हें ऋण उपभोक्ताओं पर ऊंची ब्याज दर के बोझ को कम करने के नए तरीके इजाद करने चाहिए।
चिदंबरम के मुताबिक बैंकों को छोटी जमा राशियों को प्रोत्साहित करना चाहिए। व्यापार प्रतिनिधियों की नियुक्ति की जानी चाहिए और शाखा रहित बैंकिंग जैसी नई प्रणाली अपनाई जानी चाहिए।
उन्होंने कहा, "बैंकों के पास ऊंची ब्याज दरों का बोझ कम करने का यह बढ़िया मौका है। वे ऋण सस्ता करके इस समस्या से उबर सकते हैं। ऐसा करने से वे बार बार ब्याज दरें कम करने से भी बच सकते हैं।"
चिदंबरम ने कहा कि बैंकों को शाखा प्रबंधकों की नियुक्ति के बजाए व्यापार प्रतिनिधियों को नियुक्त करना चाहिए। व्यापार प्रतिनिधि किफायती शाखा प्रबंधक साबित हो सकते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
