गाले टेस्ट: श्रीलंका ने बनाए 5 विकेट पर 215 रन (राउंड-अप)
गाले, 1 अगस्त (आईएएनएस)। गाले में भारत के साथ खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक श्रीलंका ने 61 ओवर में पांच विकेट पर 215 रन बना लिए थे।
श्रीलंका की टीम भारत की पहली पारी के स्कोर 329 से से अभी भी 114 रन पीछे चल रही है।
श्रीलंका का पहला विकेट महज चार रन पर गिर गया था, लेकिन सलामी बल्लेबाज मलिंदा वर्णपुरा और कुमार संगकारा ने दूसरे विकेट के लिए 134 रन जोड़कर उसे अच्छी स्थिति में पहुंचा दिया। हालांकि अंतिम सत्र में महज एक रन के अंतराल में एक-एक करके दो विकेट गंवा देने के कारण उसकी स्थिति थोड़ी विकट हो गई।
भारत की ओर से ऑफ स्पिन गेंदबाज हरभजन सिंह ने 71 रन देकर सबसे अधिक चार विकेट लिए। हरभजन ने थिलान समरवीरा, तिलकरत्ने दिलशान, वर्णपुरा और संगकारा को चलता किया। कप्तान माहेला जयवर्धने 82 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 46 रन बनाकर डटे हुए हैं।
विकेटकीपर बल्लेबाज प्रसन्ना जयवर्धने पांच रन पर उनका साथ दे रहे हैं। श्रीलंका के लिए वर्णपुरा ने 97 गेंदों में 10 चौकों और एक छक्के की मदद से 66 रन बनाए, जबकि संगकारा ने 120 गेदों पर नौ चौकों की मदद से 68 रनों का योगदान दिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने अपनी पहली पारी में 329 रन बनाए। भारत के लिए सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने 201 रनों की नाबाद पारी खेली।
इसके अलावा गौतम गंभीर ने 56 रन बनाए। वीवीएस लक्ष्मण ने भी 39 रनों का योगदान दिया। श्रीलंका की ओर से युवा स्पिनर असंथा मेंडिस ने सबसे अधिक छह विकेट लिए।
दूसरे दिन के खेल का सबसे बड़ा आकर्षण सहवाग की पारी रही। एक छोर पर मेंडिस की आंधी में भारत के विकेट एक-एक कर गिरते रहे, तो दूसरे छोर पर सहवाग के बल्ले का तूफान चलता रहा। सहवाग ने अपनी 231 गेंदों की पारी में 22 चौके और चार छक्के लगाए।
सहवाग ने अपने करियर का तीसरा दोहरा शतक लगाया। सहवाग ने वर्ष 2005 और वर्ष 2006 में पाकिस्तान के खिलाफ दोहरा शतक लगाया था। 2005 में उन्होंने बंगलौर में 201 रन बनाए थे, जबकि 2006 में वह लाहौर टेस्ट मैच में 254 रन बनाने में सफल रहे थे।
सहवाग ने टेस्ट मैचों में 5000 रन भी पूरे कर लिए। वे भारत के लिए टेस्ट मैचों में 5000 रन बनाने वाले 10वें बल्लेबाज बन गए।
इससे पहले सचिन तेंदुलकर, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, दिलीप वेंगसरकर, सौरव गांगुली, मोहम्मद अजहरूद्दीन, गुंडप्पा विश्वनाथ, वीवीएस लक्ष्मण और कपिल देव ने इससे पहले 5000 या उससे अधिक रन बनाए हैं।
मैच के पहले दिन चार विकेट पर 214 रन बनाने वाली भारतीय टीम ने शुक्रवार को 115 रन जोड़कर अपने छह विकेट गंवा दिए।
दूसरे दिन की सबसे बड़ी साझेदारी सहवाग और 39 रन बनाने वाले वीवीएस लक्ष्मण के बीच हुई। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 100 रन जोड़े।
भारत की ओर से इशांत शर्मा और जहीर खान ने दो-दो रन बनाए, जबकि हरभजन एक रन ही बना सके। कप्तान अनिल कुंबले भी कुछ खास नहीं कर सके और 32 गेंद खेलकर मात्र चार रन बना सके। भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने सात रन बनाए।
इससे पहले, गुरुवार को मैच के पहले दिन बारिश के कारण निर्धारित 90 ओवर का खेल संभव नहीं हो सका था, इसी कारण शुक्रवार को मैच नियत समय सुबह 10.15 बजे से 30 मिनट पहले शुरू किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications
