गाले टेस्ट : भारत के आठ विकेट गिरे (लीड-6)
गाले, 1 अगस्त (आईएएनएस)। भारत और श्रीलंका के बीच श्रीलंका के गाले क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन शुक्रवार को पहले सत्र में भारत ने 318 रन पर अपने आठ विकेट गंवा दिए हैं।
आठवें विकेट के रूप में हरभनजन सिंह आउट हुए। वे केवल एक रन बना सके। उनका विकेट भी युवा स्पिनर असंथा मेंडिस के खाते में गया। मेंडिस ने मैच में अपना पांचवां विकेट लिया।
कप्तान अनिल कुंबले के रूप में भारत ने अपना सातवां विकेट गंवाया था। वे चार रन बनाकर मुथैया मुरलीधरन के शिकार बने। कुंबले ने 32 गेंदों का सामना किया। कोलंबो टेस्ट मैच में कुल 11 विकेट लेकर भारत की हार की कहानी लिखने वाले मुरली ने इस मैच में पहला विकेट झटका।
भारत का छठा विकेट विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक के रूप में गिरा था। वे सात रन बनाकर पगबाधा आउट हुए थे। भारत का यह विकेट 290 के कुल योग पर गिरा थे। कार्तिक का विकेट मेंडिस ने लिया।
भारत का पांचवां विकेट 278 के कुल योग पर गिरा था। वीवीएस लक्ष्मण 39 रन बनाकर मेंडिस की गेंद पर थिलान समरवीरा के हाथों कैच आउट हुए थे। लक्ष्मण ने 84 गेंदों पर चार चौके लगाए थे।
सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग 208 गेंदों पर 22 चौकों और चार छक्कों की मदद से 193 रन बनाकर नाबाद हैं, जबकि नए बल्लेबाज जहीर खान दो रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं।
इससे पहले, गुरुवार को मैच के पहले दिन बारिश के कारण निर्धारित 90 ओवर का खेल संभव नहीं हो सका था, इसी कारण शुक्रवार को मैच नियत समय सुबह 10.15 बजे से 30 मिनट पहले शुरू किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications
